देवेश शर्मा
मुरैना 12 जून ;अभी तक ; मुरैना से आठ किमी दूर सिकरौदा नहर के पास एक सेवानिवृत्त फौजी,ससुर नेअपनी विधवा बहू की गोली मारकर हत्या कर दी। वह बहू की शादी अपने बड़े भाई के बेटे से कराना चाहता था, जिसके लिए महिला मना कर रही थी। इसी बात से गुस्से में आकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया । घटना बुधवार देर रात की है।
पुलिस के अनुसार सिविल लाइन थाने इलाके में सिकरौदा नहर के पास ज्ञान सिंह गुर्जर (65) ने बहू प्रियंका ,38 को 315 बोर के कट्टे से गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।महिला के पति की कुछ समय पहले ही मौत हुई है। तब से वह अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। वह 4 दिन पहले ही ससुराल लौटी थी।
सिविल लाइन थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला ने बताया कि कल रात करीब 10 बजे के करीब पूर्व फौजी ज्ञान सिंह ससुर ने अपनी विधवा बहू प्रियंका की हत्या कर दी । घटना के बाद से आरोपी फरार है। हत्या की ठोस वजह अभी सामने नहीं आई है। मामले की जांच कर रहे हैं।
दूसरी ओर मृतक महिला के भाई मुकेश ने बताया, ससुर ज्ञान सिंह विधवा बहन पर दूसरी शादी करने का दबाव बना रहा था। वह अपने बड़े भाई के बेटे ध्रुव से प्रियंका की शादी करवाना चाहता था। बहन इस रिश्ते से इनकार कर रही थी क्योंकि उसके पहले से तीन बच्चे हैं। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होता रहता था।
पुलिस के अनुसार ज्ञान सिंह के दोनों बेटों की मौत पिछले डेढ़ साल में हो चुकी है। गांव वालों का कहना है कि एक बेटे की लाठियों से पिटाई में मौत हुई, जबकि दूसरे ने जहर खा लिया था। इन दोनों मामलों के लिए भी लोग ज्ञान सिंह को ही जिम्मेदार मानते हैं।
प्रियंका के पति अजय की मौत 9 जून 2024 को हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी लड़की 7 साल की है। उससे छोटे 5 साल और 3 साल के दो बेटे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी का स्वभाव गुस्से वाला है। वह पहले सेना में नौकरी करता था, लेकिन बीच में ही छोड़कर लौट आया। पेंशन नहीं मिलती है और खेती भी बेच चुका है। घर में पहले से तनाव का माहौल था। बेटों की शराबखोरी से वह परेशान रहता था।