महावीर अग्रवाल
मंदसौर 4 जून ;अभी तक ; किसान कल्याण तथा कृषि विभाग के प्रभारी उप संचालक श्रीमती अनीता धाकड़ ने जानकारी दी कि भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश सरकार की विकसित कृषि संकल्प अभियान अंतर्गत जिले में 29 मई से 12 जून तक जिले के किसानों को चौपाल लगाकर जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए कृषि अधिकारियों के साथ-साथ कृषि वैज्ञानिकों के दल द्वारा ग्राम पंचायतों में जा कर किसानों को लागत कम कर उत्पादन बढाने एवं फसल विविधिकरण संबंधित जानकारी दी जा रही है। विकसित कृषि संकल्प अभियान अंतर्गत किसान भाईयों को कृषि के साथ-साथ उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन के विभिन्न योजनाओं की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों के द्वारा ग्राम पंचायतों में जाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है साथ ही कृषि वैज्ञानिक दल द्वारा कृषि से संबंधित नवीन तकनीकों पर चर्चा कर किसानों को अवगत कराया जा रहा है। किसानों को अनुसंधान केंद्रों द्वारा किये गये अनुसंधान की जानकारी दी जाकर उन्हें अपने खेत में अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिले में तकनीकी दल बनाये गये है।प्रत्येक दल में कृषि वैज्ञानिक, संबंधित विभाग के अधिकारी एवं मैदानी अधिकारी/कर्मचारी ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर चौपाल लगाकर जानकारी दे रहे हैं। ताकि किसान भाई अपनी फसलों में लागत कम कर उत्पादन बढाने के विभिन्न विकल्पों को अपना कर अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सकें।
जिले में खरीफ मौसम सोयाबीन की फसल मुख्य फसल है। इसके लिए सोयाबीन फसल की विस्तृत जानकारी दी जा रही है कुछ ही दिनों बाद किसान भाईयों के द्वारा सोयाबीन फसल में उचित बीज व्यवस्था करना, बीज उपचार करके बुआई करना, मिट्टी परीक्षण कराकर अनुसंक्षित उर्वरक का उपयोग करना, प्राकृतिक खेती, फसल विविधिकरण, मिश्रित खेती, कृषि के नवीन आयामों को अपनाने एवं कृषि में आय के स्त्रोतों को बढावा देना, नवीन तकनीकों का अपना कर अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते है।