महावीर अग्रवाल
मन्दसौर २५ फरवरी ;अभी तक ; नगर के नीम चौक स्थित अति प्राचीन और चमत्कारी शिवालय श्री जागेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के विवाहोत्सव महाशिवरात्रि पर्व रात्रि 10 बजे से संगीत के आदिजनक डमरूधारी भगवान शंकर का संगीत की मधुर धुनों से अभिषेक होगा।
मंदिर से सम्बन्ध शिव भक्त कैलाश सोलंकी ने बताया कि प्रातः 5 बजे से भगवान जागेश्वर का महाभिषेक प्रारंभ हो जायेगा जो संध्या पर्यन्त जारी रहेगा। संध्या को भगवान जागेश्वर का आकर्षक श्रृंगार किया जायेगा। तत्पश्चात रात्रि 10 बजे संगीत-भजन संध्या प्रारंभ होगी जिसमें संगीत साधकों द्वारा शास्त्रीय और सुगम संगीत गायन वादन प्रस्तुत किया जायेगा।
प्रथम महाआरती संध्या 7.30 बजे, दूसरी महाआरती मध्यरात्रि 12 बजे, तीसरी महाआरती ब्रह्म मुहूर्त में 3 बजे और चौथी महाआरती प्रातः 6 बजे होगी। प्रातः 5 बजे से आने वाले शिव भक्तों की सेवा में भांग-मिठाई प्रसाद वितरण प्रारंभ हो जायेगा जो दिन भर जारी रहेगा।
मंदिर समिति ने अधिक से अधिक संख्या में भगवान भोलेनाथ के विवाहोत्सव पर्व में सम्मिलित होकर धर्मलाभ लेने का अनुरोध किया है।