प्रदेश

मंदसौर में पहली बार आयोजित हुए युवा उत्सव में अनेक महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने की सहभागिता

महावीर अग्रवाल 


मन्दसौर ६ दिसंबर ;अभी तक;  उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर में अंतर महाविद्यालयीन युवा उत्सव उमंग 2023-24 का बुधवार को शुभारंभ हुआ।
                                                   इस युवा उत्सव में राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के अंतर्गत आने वाले कृषि महाविद्यालय, ग्वालियर, कृषि महाविद्यालय इंदौर, कृषि महाविद्यालय सीहोर, कृषि महाविद्यालय खण्डवा एवं उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर के विद्यार्थियों ने सहभागिता की है। पहली बार युवा उत्सव की मेजबानी पाने वाले उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्रोफेसर पी.के. शर्मा, भूतपूर्व कुलपति, जम्मू कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय नें विद्यार्थीयों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का आव्हान किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों की मांग पर हास्य व्यंग्य से भरपूर स्वरचित कविताएं सुनाई।
                                    कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रोफेसर अरविंद कुमार शुक्ला, कुलपति राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर ने विद्यार्थियों को धर्म, क्षेत्र एवं जाति से दूर रहते हुए विश्व बंधुत्व की भावना को अपनाते हुए एकात्मता का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने स्वरचित हास्य कविता भी सुनाई जिसे उपस्थित श्रोताओं ने खूब सराहा। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रदीप कुमार, प्रधान वैज्ञानिक, हिमाचल प्रदेश, कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर ने छात्रों को अनुशासन का महत्व बताया।
                                          कार्यक्रम की विशेष अतिथि डॉ. ऊषा अग्रवाल, प्राचार्य, संगीत महाविद्यालय, मंदसौर थी। कार्यक्रम के आयोजक उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर के अधिष्ठाता, डॉ. ईन्दर सिंह तोमर ने महाविद्यालय की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। युवा उत्सव के सांस्कृतिक संयोजक, डॉ. रोशन गलानी ने उत्सव की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। युवा उत्सव में पहले दिन साहित्य एवं ललित कला से जुड़ी गतिविधियां सम्पन्न कराई गई। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन डॉ. रूपेश चतुर्वेदी ने किया। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी, डॉ. अंकित पाण्डेय ने दी।

Related Articles

Back to top button