*पीजी कॉलेज में मनाया गया विश्व लुप्तप्राय प्रजाति दिवस* विद्यार्थियों ने अपने आसपास की जीव प्रजातियों की रक्षा का लिया संकल्प 

महावीर अग्रवाल
मंदसौर  १६ मई ;अभी तक;  शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर के प्राचार्य डॉ एल.एन. शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा दिनांक 15 मई 2023 को  “विश्व लुप्तप्राय प्रजाति दिवस” के अवसर पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रतलाम के वनस्पति शास्त्र के प्रोफेसर डॉ. मुकेश इवने उपस्थित थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में वनस्पति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रेरणा मित्रा ने बताया कि बढ़ते शहरीकरण एवं औद्योगिकरण के परिणाम स्वरूप ऐसी कई जीव और पौधों की प्रजातियां हैं जो विलुप्ती की कगार पर पहुंच चुकी हैं। इन्हीं की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से प्रतिवर्ष मई माह के तीसरे शुक्रवार को “विश्व लुप्तप्राय प्रजाति दिवस” मनाया जाता है।
अपने व्याख्यान में मुख्य वक्ता डॉ. इवने ने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर ऐसी कई छोटी-छोटी बातें हैं जिनका पालन कर हम कई प्रजातियों को सीधे या परोक्ष रूप से लाभ पहुंचा सकते हैं। उदाहरण के लिए यदि प्रत्येक व्यक्ति वृक्षारोपण का संकल्प ले तो न केवल हम पर्यावरण को शुद्ध करने में अपना योगदान देंगे, बल्कि उन वृक्षों के जरिए अनगिनत जीव प्रजातियां भोजन और आवास भी प्राप्त करेंगी। आपने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प दिलाया साथ ही अपने आसपास पाई जाने वाली जीव प्रजातियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीरतापूर्वक कार्य करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष कुमार शर्मा ने किया। इस विशिष्ट व्याख्यान में वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रो. सुधाकर राव, प्रो. सुनील कुमार शर्मा, डाॅ. रीना सस्तिया, सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित थे।