कलेक्टर पहुंचे अस्पताल तो गंदगी से हुआ सामना, जिम्मेदारों को लगाई फटकार

मोहम्मद सईद
शहडोल, 24 मार्च अभीतक। जिला मुख्यालय की शासकीय कुशाभाऊ ठाकरे अस्पताल के बाहरी चमक दमक की पोल रविवार को उस वक्त खुल गई जब कलेक्टर तरुण भटनागर जिला अस्पताल पहुंचे। कलेक्टर ने जब अस्पताल में प्रवेश किया तो उनका सामना अस्पताल में फैली गंदगी से हो गया। अस्पताल की गंदगी को देखकर कलेक्टर श्री भटनागर बेहद नाराज हुए और उन्होंने जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। साथ ही कलेक्टर ने यह चेतावनी भी दी की तीन दिन में जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाएं वर्ना कार्यवाही की जाएगी।
                                              कलेक्टर श्री भटनागर ने ओपीडी, सर्जिकल वार्ड, आईसीयू, एनआरसी, एसएनसीयू और मेटरनिटी वार्डो का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मरीजों से चर्चा करते हुए जिला अस्पताल में मिल रही मूलभूत सुविधाओ के बारे में जानकारी भी ली।
                                 उन्होंने एनआरसी का निरीक्षण करते हुए चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए की वे घर में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की सतत रूप से निगरानी रखने के लिए मॉनिटरिंग सिस्टम बनाएं जिसमें आदिम जाति कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को शामिल किया जा।
                                 कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अशोक लाल को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र रोगियों एवं कैंसर रोगियों की पहचान एवं उनके उपचार के लिए शिवरों का आयोजन करें। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉक्टर जी.एस. परिहार, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा, डॉ. अपूर्व पांडे, डॉ. गंगेश डांडिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थें।