मुरैना के लेपा गांव में पुरानी दुश्मनी को लेकर दो पक्षों में फायरिंग 6 की मौत, दो घायल

 देवेश शर्मा

मुरैना.5 मई ;अभी तक;  मुरैना जिले के सिहौंनिया थाना क्षेत्र के लेपा गांव में आज सुबह जमीन के विवाद में दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। संघर्ष के दौरान दोनों गुटों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठियों से हमला  और बंदूकों से फायरिंग की। फाइरिंग में छह लोगाें की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिंहौनिया सहित आसपास के थानों से भी पुलिस बल लेपा गांव भेजा गया है। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थति बनी हुई है। गांव से मृतकों के शवों को मुरैना अस्पताल में पीएम के लिए लाया गया है। साथ ही घायलों को भी इलाज के लिए मुरैना अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इन लोगों की हुई मौत

पुलिस के अनुसार फायरिंग में लेस कुमारी पत्नी वीरेंद सिंह, बबली पत्नी नरेंद्र सिंह तोमर, मधु कुमारी पत्नी सुनील तोमर, गजेंद्र सिंह पुत्र बदलू सिंह, सत्यप्रकाश पुत्र गजेंद्र सिंह व संजू पुत्र गजेंद्र सिंह है। घायलाें में विनोद सिंह पु. सुरेश सिंह तोमर, वीरेंद्र पुत्र गजेंद्र सिंह है।

यह था मामला

मुरैना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राय सिंह ने घटना की पुष्टी करते हुए कहा कि लेपा गांव के रंजीत तोमर व राधे तोमर के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 2013 में दोनों पक्षाें के बीच में विवाद हुआ और रंजीत तोमर के पक्ष ने राधे तोमर के परिवार के दो  लोगों की हत्या कर दी थी। इसके बाद से रंजीत तोमर का परिवार गांव छोड़कर चला गया था। कुछ दिन पहले ही वह गांव में लौटा तो बदला लेने की नीयत से यह हमला किया। उन्होने बताया कि फायरिंग कर हत्या करने के बाद आरोपित परिवार सहित फरार हो गए।

उल्लेखनीय है कि  गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव का कोई भी व्यक्ति कुछ कहने के लिए तैयार नहीं है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। साथ ही आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि अभी आरोपित खेतों व बीहड़ों में छिपे हो सकते हैं।जिला मुखालय से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।