*रासेयो विश्वविद्यालय स्तर शिविर के चतुर्थ दिवस में स्वयंसेवकों ने अमृत सरोवर धुंधड़का में श्रमदान किया*

महावीर अग्रवाल

मन्दसौर ३ अप्रैल ;अभी तक;  शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. शर्मा ने बताया कि शास. स्नातकोत्तर (अग्रणी) महाविद्यालय मन्दसौर द्वारा आयोजित विक्रम विश्वविद्यालय का सप्त दिवसीय विश्वविद्यालय स्तर  संयुक्त इकाई अभिविन्यास कार्यक्रम के तृतीय दिवस अमृत सरोवर धुंधड़का में श्रमदान किया।

                                  स्वयंसेवक विद्यार्थियों ने    डॉ.के.आर. सूर्यवंशी जिला संगठक, प्रो. अनिल कुमार आर्य, प्रो. सुनील जोशी, प्रो. योगेंद्र जैन, प्रो. प्रहलाद भट्ट के नेतृत्व में अमृत सरोवर धुंधड़का में स्वच्छता एवं तालाब गहरीकरण का कार्य किया । स्वयंसेवकों ने सरोवर में इधर –उधर पड़ी प्लास्टिक की पन्नियों को बिनकर सरोवर को स्वच्छ किया और तत्पश्चात तालाब गहरीकरण का कार्य किया। सरोवर के समीप स्वयंसेवकों ने सोख्ता गड्ढों का निर्माण किया। तत्पश्चात अमृत सरोवर के समीप हनुमान मंदिर परिसर में जाकर प्लास्टिक मुक्त परिसर व गाजर उन्मूलन का कार्य किया।

शिविर के बौद्धिक सत्र में जिला सत्र न्यायाधीश श्री हर्षसिंह बहारावत ने स्वयंसेवकों को सायबर अपराध एवं बाल अपराध संबंधित कानून के बारे में जानकारी प्रदान की। जिला संगठक, नीमच श्री एम. एस.सलूजा ने स्वयंसेवकों को योग के द्वारा मानसिक एवं आत्मिक शांति के बारे में बताया। पूर्व जिला संगठक एवं प्राचार्य शास. महावि. पिपलिया मंडी के प्राचार्य डॉ. आर. के. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए संबोधित किया। इस अवसर मंदसौर विश्वविद्यालय के डॉ. हरिओम पाटीदार एवं डॉ. राजेश कौशिक ने सम्बोधित किया।

  रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में नुक्कड़ –नाटक, कविता, गीत, भजन, सांस्कृतिक एवं शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर स्वयंसेवकों ने अपनी प्रतिभा को निखारा।