संरक्षा संगोष्ठी में दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों से कराया अवगत

मोहम्मद  सईद
शहडोल, 15 मार्च अभीतक। मंडल संरक्षा विभाग द्वारा संरक्षा कोटि के कर्मचारियों में सजगता के साथ बेहतर संरक्षित कार्य प्रणाली सुनिश्चित करने हेतु अनेक संरक्षा अभियान चलाये जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अनुराग कुमार सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को शहडोल स्टेशन में एआरएम डॉ पी के लोध एवं संरक्षा सलाहकारों की उपस्थिति में संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में स्टेशन मास्टर, चालक, परिचालक गार्ड, फिटर, एसएसई, जेई, डीटीआई, पाइंटमैन, गेटमैन, सहित सभी विभागों के लगभग 100 रेल कर्मचारियों ने भाग लिया।
                                 संगोष्ठी में दुर्घनाओं के संभावित कारणों को पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रदर्शित किया गया तथा दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों एवं इस दौरान ली जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही सिग्नल एवं पाइंट्स खराब होने पर स्टेशन मास्टर के कर्तव्य, शंटिंग के दौरान ली जाने वाली सावधानियां, सिग्नल का आदान-प्रदान, इंटरलॉक तथा नान-इंटरलॉक प्वाइंट पर शंटिंग के दौरान ली जाने वाली सावधानियां, ओएचई ब्लाक के दौरान ली जाने वाली सावधानियां, रेल फ्रेक्चर तथा वेल्ड फ्रेक्चर की स्थिति में ट्रैक की सुरक्षा, लोडिंग अनलोडिंग पाइंट्स पर वैगन के दरवाजों का सही ढंग से बंद होना सुनिश्चित करना, नान-सिग्नलिंग में गाडी चलाने के दौरान चालक एवं सहायक चालकों का कर्तव्य, साइडिंग में सड़क वाहन की अनधिकृत गतिविधियों को रोकना, आपदा प्रबंधन एवं स्पैड से बचाव के तरीकों जैसे अनेक गहन मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
                                       इसके साथ ही साथ नागरिक सुरक्षा निरीक्षक के द्वारा फायर फाइटिंग एवं प्रथमोपचार की भी प्रशिक्षण दी गई। संगोष्ठी में संरक्षा नियमों की जानकारी अद्यतन रखने तथा संरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुये कार्य करने का परामर्श दिया गया।