चुनावी बरस में निकलने वाली मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा इस बरस प्रदेश में 5 जगह से शुरू होगी

मयंक शर्मा

खंडवा २९ अगस्त ;अभी तक;  चुनावी बरस में निकलने वाली मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा इस बरस प्रदेश में 5 जगह से शुरू होगी। निमाड़ को कवर करने खंडवा को चुना गया है। यहां यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथसिंह करेंगे। लोकसभा उपचुनाव से खफा चल रहे राजपूत नेताओं को साधने की कवायद होगी।‌

जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ 4 सितंबर को दादा दरबार से होगा।  रक्षामंत्री राजनाथसिंह सुबह 10 बजे दादाजी धूनीवाले के दर्शन कर जन आशीर्वाद यात्रा का आगाज करेंगे।‌ यहां से नगर निगम तिराहे पर पहुंचकर दोपहर 12 बजे जनसभा होगी। जिसके बाद घंटाघरए बांबे बाजार होते हुए यात्रा हरसूद रोड से अमलपुरा तक जाएगी। वहां से हरसूद विधानसभा में प्रवेश करेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल ने बताया कि यात्रा को संगठनात्मक तैयारियां भी कर दी गई है। लगातार बैठकें जारी है। यात्रा का प्रभारी पूर्व महापौर सुभाष कोठारी और सह प्रभारी जिला उपाध्यक्ष नंदन करोड़ी को बनाया गया है।