प्रदेश

पिंक सिटी की तर्ज पर यहां सभी मकान एक रंग में रंगे नजर आएंगे

मोहम्मद सईद
शहडोल, 16 मई अभी तक। ग्रामीण क्षेत्र के सतत विकास और ग्रामीणों में समरसता के लिए जनपद पंचायत जयसिंहनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अशोक  मरावी द्वारा नवाचार किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब उनके द्वारा जो नवाचार किया जा रहा है उसमें पिंक सिटी के नाम के नाम से मशहूर जयपुर शहर जैसे एक गांव के सभी मकान एक ही रंग में रंगे हुए नजर आएंगे।
                                         शहडोल कलेक्टर तरुण भटनागर के निर्देशन व जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत जयसिंहनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अशोक मरावी ने ग्राम पंचायत टेटका में जन चौपाल लगाई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मरावी ने इस जन चौपाल में गांव की एक पहचान व एकरूपता और सामाजिक समरसता के साथ अनेकता में एकता की प्रतीक के लिए सभी मकानों की एक ही रंग से पुताई कराए जाने का विशेष आग्रह ग्रामीणों से किया। उनकी इस समझाइश का जन चौपाल में मौजूद ग्राम पंचायत के सरपंच, उप सरपंच, सचिव, पटवारी, शिक्षक, पेसा मोबिलाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, रिटायर्ड कर्मचारियों एवं गांव के प्रबुद्ध नागरिकों ने एक मतेन समर्थन किया और कहा कि वे गांव की विशेष पहचान के लिए अपने अपने घरों की पुताई एक रंग में कराकर सामाजिक समरसता का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। जन चौपाल में सरपंच ग्राम पंचायत टेटका श्रीमती विद्या बाई, टेटका वीरेंद्र कुमार द्विवेदी, जनपद पंचायत जयसिंहनगर के पेसा ब्लॉक समन्वयक शारदा मौर्य, उपयंत्री संदीप मेहरा और सचिव संजीव तिवारी भी उपस्थित रहे।
                                          जनपद पंचायत जयसिंहनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अशोक मरावी ने इस नवाचार के संबंध में बताया कि सीईओ जिला पंचायत राजेश जैन के मार्ग निर्देशन में यह नवाचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके तहत सबसे पहले सरकारी भवनों और फिर शासकीय कर्मचारियों के मकान, जन  प्रतिनिधियों के मकान और पीएम आवास योजना के हितग्राहियों के मकानों में एक जैसे रंग किए जाएंगे। उसके बाद क्रमशः अन्य घरों में रंग करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार से ग्राम पंचायत के भवन की पुताई का काम शुरू हो रहा है। श्री मरावी ने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत टेटका में कुल 4 सौ मकान हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह प्रयास यदि सफल रहा तो जनपद पंचायत जयसिंहनगर अंतर्गत दूसरे ग्राम पंचायतों में भी यह काम किया जाएगा, लेकिन हर ग्राम पंचायत में रंग अलग नजर आएगा।

Related Articles

Back to top button