रतलाम के सर्किल जेल में भगवा पहन कैदियों ने मुबारिक के संग गाया-अवध में राम आए है

अरुण त्रिपाठी

रतलाम,16 जनवरी ;अभी तक;  सजा दो घर को गुलशन सा, अवध में राम आए है…. रतलाम सर्किल जेल में सिर पर तिलक लगाए और भगवा ड्रेस पहने कैदियों के मुख से यह भजन सुन डीआईजी मनोज कुमार और कलेक्टर भास्कर लक्षकार दंग रह गए। इन कैदियो में मुबारिक भी शामिल रहा, जिसने हारमोनियन की संगत देते हुए भजन गाया। डीआईजी ने उसे गले लगाया और 500 रूपए का नकद पुरस्कार भी दिया।

वर्तमान में पूरा देश राममय हो रहा है, तो सर्किल जैल कैसे अछूता रहेगा। जेल में जब रतलाम के स्व बीएल बोथरा परिवार ने एक हजार लीटर के आरओ वाटर सिस्टम के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित किया, तो कैदियों ने भी रामभक्ति का पूरा परिचय दिया। डीआईजी मनोज कुमार और कलेक्टर भास्कार लाक्षकार इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। डीआईजी व कलेक्टर ने पहले जिला जेल की व्यवस्था देखी। उसके बाद आरओ का शुभारंभ कार्यक्रम हुआ। इसमें माइक, ढोल व हारमोनियम के साथ भगवा वस्त्र पहने कैदियों ने अवध में राम आए है का भजन गाकर सभी का दिल जीत लिया। मुस्लिम कैदी मुबारिक खान ने राम भजन के साथ हारमोनियन पर अपनी आवाज का जादू बिखेरा।

जेल अधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदोरिया ने बताया कि कार्यक्रम में मंच के सामने ही बंदियों द्वारा राम भजन प्रस्तुत किया गया। बंदी मुबारिक द्वारा जेल में स्थित मंदिर की पूजा भी की जाती है, जो हत्या के आरोप में सर्किल जेल में बंद है। पेशे से बैंड मास्टर मुबारिक का कहना है कि बचपन से ही भगवान राम में आस्था रही। वह जेल में स्थित हनुमान मंदिर में रोज पूजा-पाठ करता है। कार्यक्रम में जेल की महिला कर्मी को भी राम भजन गाने पर डीआईजी ने पुरस्कृत किया। कलेक्टर लाक्षाकार ने कैदियों की मधुर प्रस्तुति की सराहना की।

जेल अधीक्षक लक्ष्मणसिंह भदौरिया के अनुसार 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का जेल में सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इससे पूर्व जेल में 20 व 21 को भजन संध्या व हवन का कार्यक्रम भी होगा। बंदी भजन तैयार कर रहे हैं। धार्मिक आयोजन में सभी कैदी शामिल होकर सदभाव और एकता की मिसाल पेश कर रहे है।