प्रदेश

चंदन की तस्करी करने वाले तीन युवक गिरफ्तार, 63 किलो चंदन बरामद

मोहम्मद सईद
शहडोल 5 जुलाई ; अभी तक ; पुलिस ने चंदन की लकड़ी की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की चंदन की 63 किलो लकड़ी और एक बोलेरो वाहन को बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद की गई चंदन की लकड़ी और बोलेरो वाहन की कीमत 18 लाख रुपए है। इसमें चंदन की लकड़ी की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपए बताई गई है। पकड़े गए यह तस्कर उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं।
                                 अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शहडोल जोन दिनेश चंद्र सागर और पुलिस अधीक्षक शहडोल कुमार प्रतीक ने कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में संयुक्त रूप से बताया कि 7 जून को सिंहपुर थाना क्षेत्र निवासी शोभनाथ बैगा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन पर लगे 20-25 चंदन के पेड़ को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिया गया है। इसी तरह 04 अगस्त को अजीत कुशवाहा निवासी सिंहपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी जमीन पर लगे चंदन के पेड़ को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए हैं। इसके अलावा आशीष कुशवाहा निवासी गढ़ी सोहागपुर के द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी जमीन पर लगे चंदन के पेड़ को अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा चोरी कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि चोरी के इन तीनों ही मामलों में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 379 और 3, 4 वन अधिनियम का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
                               पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चंदन के पेड़ को लगातार चोरी किए जाने को गंभीरता से लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि इस मामले का जल्द पता लगाकर चोरों को गिरफ्तार करें। इसी बीच शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग एक वाहन में लकड़ी भरकर ले जा रहे हैं। जिसके बाद सिंहपुर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें 63 किलो चंदन की लकड़ी बरामद हुई।
                                    पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक ने बताया कि पुलिस ने चंदन की तस्करी कर रहे विशाल सिंह उम्र 35 साल निवासी भरौली थाना मदनपुर जिला देवरिया उप्र, उमाशंकर साहू उम्र 48 साल निवासी नौतन बाजार थाना नौतन जिला सिवान बिहार और अर्जुन बारी निवासी जिला सिवान बिहार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चंदन की लकड़ी और बोलेरो वाहन सहित 18 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में स्थानीय लोगों के बारे में भी पता किया जा रहा है और नाम सामने आने पर उनका नाम भी इस प्रकरण में दर्ज किया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी हुई है कि यह तस्कर चंदन को कहां ले जाकर बेचा करते थे इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने में सिंहपुर और सोहागपुर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button