एक साल में 19% रिटर्न दे सकता है सोना:बीते एक साल में 20% रिटर्न दिया, अगले 12 महीनों में शानदार कमाई के लिए गोल्ड सबसे बेहतर

ब्याज दरें बढ़ने के साथ-साथ अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में उछाल के बावजूद इस साल गोल्ड ने अच्छा प्रदर्शन किया है। सोने ने 2023 में अब तक 9%, जबकि बीते एक साल में 20% रिटर्न दिया है। ये ट्रेंड जारी रह सकता है। मध्य-पूर्व में सैन्य संघर्ष और अमेरिका में ब्याज दरें और बढ़ने की कम होती आशंका के बीच इंटरनेशनल मार्केट में 20 अक्टूबर को सोने की कीमत 3 महीने के ऊंचे स्तर 1,978 डॉलर प्रति औंस हो गई। 20 जुलाई के बाद यह स्पॉट गोल्ड का सबसे ऊंचा स्तर है।

घरेलू सराफा बाजार में 9 अक्टूबर को सोना 57,415 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो 20 अक्टूबर को 60,693 रुपए हो गया। ज्यादातर विश्लेषक मान रहे हैं कि अगले साल दूसरी छमाही से अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेड ब्याज दरों में कटौती शुरू कर सकता है। ये सोने में उछाल की सबसे बड़ी वजह होगी।

गोल्ड 5 साल में 100% रिटर्न
सोने में लगाया गया पैसा बीते पांच साल में दोगुना हो गया है। 10 अगस्त 2018 को सोने की कीमत 29,486 रुपए थी, जो 10 अगस्त 2023 को बढ़ाकर 58,947 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई।

चीन लेगा 3 हजार टन सोना
अमेरिका के विदेशी मुद्रा भंडार में 69% जर्मनी में 68% और रूस में 25% गोल्ड की है। चीन को यदि विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी 10% तक भी ले जाना है तो उसे 3000 टन सोना खरीदना होगा।

सोने को केंद्रीय बैंकों का सपोर्ट
दुनियाभर के 24% केंद्रीय बैंक अगले 1 साल में गोल्ड रिजर्व बढ़ाएंगे। गोल्ड की मांग डी-डॉलराइजेशन से भी बढ़ेगी। रिजर्व करेंसी के तौर पर डॉलर पर निर्भरता घटाने को डी-डॉलराइजेशन कहा जाता है।

अक्टूबर में अब तक 2,900 रुपए से ज्यादा मंहगा हुआ सोना
अक्टूबर महीने में अब तक सोना-चांदी के दामों में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। इस महीने अब तक सोने के दाम में 2,974 रुपए की तेजी देखने को मिली है। इस महीने की शुरुआत यानी 1 अक्टूबर को ये 57,719 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था जो अब 60,693 रुपए पर है। वहीं चांदी 71,603 रुपए प्रति किलोग्राम से 71,991 रुपए पर आ गई है।

4 वजहों से इन दिनों बढ़ रही सोने की चमक

मई की शुरुआत में ग्लोबल बैंकिंग संकट और अमेरिका में डेट-सीलिंग को लेकर गतिरोध ने सोने की कीमतों को तगड़ा सपोर्ट किया।

घरेलू बाजार में दिवाली तक सोने की जोरदार मांग रहेगी। फिर शादियों के सीजन में खूब सोना खरीदा जाएगा। इससे सपोर्ट मिल रहा है।

पहले से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच इजराइल और हमास के बीच शुरू हुए ताजा सैन्य संघर्ष पूरी दुनिया में अनिश्चितता बढ़ा दी।

बड़े केंद्रीय बैक, खास तौर पर चीन का सेंट्रल बैंक सोने की तगड़ी खरीद कर रहा है। इससे सोने की कीमतों को बड़ा सपोर्ट मिला।