61 हजार के पार हुआ सोना:इस महीने अब तक 3600 रुपए से ज्यादा बड़े दाम, चांदी भी 72 हजार के करीब पहुंची

आज यानी 30 अक्टूबर को सोने-चांदी के दामों में तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने के दाम 511 रुपए बढ़कर 61,336 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए हैं। वहीं 18 कैरेट सोने की कीमत 46,002 रुपए हो गई है।

वहीं चांदी भी आज 827 रुपए चढ़कर 71,733 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। इससे पहले ये 70,906 रुपए पर थी। एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में इनकी कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है।

अक्टूबर में अब तक 3,600 रुपए से ज्यादा मंहगा हुआ सोना
अक्टूबर महीने में अब तक सोना-चांदी के दामों में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। इस महीने अब तक सोने के दाम में 3,617 रुपए की तेजी देखने को मिली है। इस महीने की शुरुआत यानी 1 अक्टूबर को ये 57,719 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था जो अब 60,888 रुपए पर है। वहीं चांदी 71,603 रुपए प्रति किलोग्राम से 71,733 रुपए पर पहुंच गई है।

अक्टूबर में अब तक ऐसी रही सोने-चांदी की चाल

तारीख सोने की कीमत चांदी की कीमत
1 अक्टूबर 57,719 रुपए प्रति 10 ग्राम 71,603 रुपए प्रति किलोग्राम
30 अक्टूबर 61,336 रुपए प्रति 10 ग्राम 71,733 रुपए प्रति किलोग्राम

सोने की कीमतों में उछाल की बड़ी वजहें

  • घरेलू बाजार में दिवाली तक सोने की जोरदार मांग रहेगी। फिर शादियों के सीजन में खूब सोना खरीदा जाएगा। इससे सपोर्ट मिल रहा है।
  • पहले से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच इजराइल और हमास के बीच शुरू हुए ताजा सैन्य संघर्ष पूरी दुनिया में अनिश्चितता बढ़ा दी।
  • बाजार को लगता है कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ना अब बंद हो जाएगा। सोने के लिए ये सबसे बड़ा पॉजिटिव संकेत है।

दिवाली तक 62 हजार तक जा सकता है सोना
अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में तेजी जारी रहने के आसार हैं। HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करंसी हेड अनुज गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बॉन्ड यील्ड घट रही है और डॉलर कमजोर हो रहा है। इससे गोल्ड को सपोर्ट जारी रहेगी।

इसके अलावा घरेलू बाजार में त्योहारों के लिए मांग बढ़ेगी। इसके बाद शादियों का सीजन शुरू हो जाएगा। ऐसे में डिमांड बढ़ने का असर कीमतों पर होगा। इससे दिवाली तक सोना 62 हजार और चांदी 75 हजार तक जा सकती है।