चुटका परमाणु विद्युत परियोजना के विस्थापित सूची में और मकान जोड़ने की  उठी मांग, शासकीय सर्वे में छूटे 33 परिवार, ग्रामीणों ने उठाई आवाज

मंडला संवाददाता
मंडला २२ अप्रैल ;अभी तक;
जिले के जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम चुटका में चुटका विद्युत परमाणु संयंत्र का निर्माण होना है। क्षेत्र में लगातार चुटका परमाणु संयंत्र विरोधी बैठकें एवं प्रदर्शन हो रहा है। चुटका विरोधी संघर्ष समिति के पदाधिकारी आए दिन गांव में बैठकें आयोजित कर नए आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। ऐसे में एक और विषय इस परियोजना से जुड़ गया है। चुटका परियोजना के दायरे में आने वाले गांव घुरा टोला एवं टाटी घाट के लोग ने मांग की है कि उनके क्षेत्र के कुछ मकानों को विस्थापित करने के लिए सूची में जोड़ा जाए। लोगों ने इस संबंध में  कलेक्टर को लिखित आवेदन दिया है। जिसमें कहा गया है कि वे ग्रामवासी बरगी बांध के जलाशय से विस्थापित हैं। ग्राम में जो शेष भूमि  बची थी। उसमें मकान बनाकर यादव मोहल्ला टाटी घाट, घूरा टोला टाटी घाट के लोग अपना जीवन यापन कर रहे हैं।
तीनों ओर से पानी से घिरे हैं मकान
                                   यादव मोहल्ला टाटी घाट, घूरा टोला टाटी घाट के लोगों का कहना है कि इन लोगों की  कृषि भूमि ग्राम टाटी घाट- चुटका एवं कुंडा में थी। जिसे चुटका परमाणु विद्युत परियोजना के लिए अधिग्रहण की जा चुकी है। मात्र मकान शेष बचे हुए हैं जो बरगी जलाशय की पानी से तीनों ओर से घिरा हुआ है। जिस ओर से आना जाना होता है वहीं पर परियोजना की बाउंड्री वाल का निर्माण होना है। जिससे इन क्षेत्रवासियों का आना जाना बंद हो जाएगा तो उनकी जीविका के साधन समाप्त हो जाएंगे। मोहल्ला में लगभग 50 प्रतिशत भूमिहीन परिवार निवास कर रहे हैं जो अधिग्रहण की गई भूमि में मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। उनका रोजगार छिन जाएगा। इसकी जानकारी पूर्व में उच्च अधिकारियों को दी गई थी। जिसमें अनुविभागीय अधिकारी निवास एवं कलेक्टर मंडला एवं परियोजना के अधिकारियों के द्वारा मौके में जाकर निरीक्षण किया गया था। उसके बाद राजस्व विभाग एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा दो बार सर्वे किया गया है। पर अभी तक उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई।
सर्वे में छूटे 33 परिवार
                                     शासन द्वारा 28 मार्च 2023 को पुनः राजस्व विभाग एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा टाटी घाट यादव मोहल्ला के 70 मकानों का सर्वे किया गया है। घुराटोला, टाटी घाट के 20 मकानों को छोड़ दिया गया है। जबकि दोनों मोहल्ला एक ही जमीन में एवं टापू में बसे हुए हैं और उनके आने जाने का रास्ता एक है। यही कारयण है कि क्षेत्र के ग्रामीणों ने कलेक्टर से निवेदन किया गया है कि पुनः मौके की जांच कर घुरा टोला टाटी घाट में रह रहे 20 मकानों में 33 परिवार का सर्वे कराकर चुटका परमाणु विद्युत परियोजना के द्वारा विस्थापितों की श्रेणी में लाया जाए।