जैएसजी मेन द्वारा शा. हाईस्कूल में 74 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किये

महावीर अग्रवाल 

मन्दसौर २६ दिसंबर ;अभी तक;  जैन सोश्यल ग्रुप मेन मंदसौर द्वारा शासकीय हाईस्कूल दाउदखेड़ी के 74 विद्यार्थियों को समाजसेवी स्व. गजेन्द्र मेहता की स्मृति में श्रीमती शांता सुपुत्र हेमंत मेहता के सहयोग से स्वेटर प्रदान किये गये। ग्रुप इस शीत ऋतु में चार विद्यालयों के छात्रों को 310 स्वेटर तथा चार कार्यक्रमों में 385 कम्बल का वितरण कर चुका है।
                                        दाऊदखेड़ी हाईस्कूल में आयोजित कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए जैन सोश्यल ग्रुप मेन मंदसौर के अध्यक्ष श्री संजय जैन श्वेता ने कहा कि ग्रुप द्वारा इस वर्ष सेवा के ‘कर्तव्य’ के तहत निरंतर कार्य किये जा रहे है। कोई भी निर्धन व्यक्ति ठंड की वजह से पीड़ित न रहे इस उद्देश्य को लेकर ग्रुप द्वारा मंदसौर शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वेटर व कम्बल का वितरण किया गया है और आज भी हेमन्त मेहता परिवार के सहयोग से यह पुनीत कार्य किया है। तथा आगे भी यह प्रकल्प जारी रहेगा। आपने कहा कि ग्रुप द्वारा इस वर्ष देश के भावी भविष्य बच्चों को पढ़ाई में सुविधा रहे इस उद्देश्य से कई स्कूलों में शैक्षणिक सामग्री तथा विद्यालयों में फर्नीचर वितरण किया गया है।
                                 कार्यक्रम में सकल जैन समाज के कार्यकारी अध्यक्ष श्री नरेन्द्र मेहता ने कहा कि नौनिहाल देश का भविष्य है। भावी पीढ़ी श्रेष्ठ विद्याध्ययन कर राष्ट्र का निर्माण करें।
                              रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रवीण उकावत ने कहा कि शिक्षा व संस्कार व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। जैन सोश्यल ग्रुप मेन मंदसौर नगर की आदर्श सेवा संस्था है। वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के प्रमुख श्री कमल कच्छारा ने कहा कि शासकीय विद्यालय के छात्र भी देश में सिरमौर है।
                                      इस  अवसर पर विद्यालय प्राचार्य श्री के.के. शर्मा ने भी अपने विचार रखते हुए जैन सोश्यल ग्रुप मेन मंदसौर के कार्यों की सराहना की। अतिथि स्वागत ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष संजय लोढ़ा, नरेन्द्र मेहता, अजय पोरवाल, ग्रुप अध्यक्ष संजय जैन श्वेता, कोषाध्यक्ष कुशल नाहर, कमल कच्छारा, प्रवीण उकावत, संजय जैन विक्रम, पवन जैन एचएम, संजय डोसी, आशीष उकावत, पियुष जैन, प्रदीप जैन (पानवाला), अजय जैन कॉलेज वॉच आदि ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक मनोज गुप्ता, सुशील शर्मा, अनवर मंसूरी, मनीषा साहू, प्रतिभा सैनी आदि उपस्थित थे। संचालन पूर्व अध्यक्ष श्री संजय लोढ़ा ने किया व आभार प्रायोजक श्री हेमंत मेहता ने माना।