नई पेंशन स्कीम बंद करो के नारे से गूंज उठा मंडल रेल कार्यालय

मोहम्मद सईद
शहडोल, 10 जनवरी अभी तक। पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने की मांग को लेकर रेलवे के कर्मचारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा एवं संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 8 जनवरी से 11 जनवरी तक क्रमिक भूख हड़ताल भी की जा रही है। इसी कड़ी में भारतीय रेल के 17 मुख्यालयों, सभी मंडल कार्यालयों और छह औद्योगिक इकाइयों के कार्यालय के सामने क्रमिक भूख हड़ताल के समर्थन में बुधवार को रेल कर्मचारियों ने जमकर प्रदर्शन किया।
                              श्रमिक यूनियन के जोनल महामंत्री मनोज बेहरा के नेतृत्व में बिलासपुर जोन के नागपुर, रायपुर और बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के समक्ष श्रमिक यूनियन के पदाधिकारियों और रेल कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन लागू करनी होगी तथा नई पेंशन स्कीम बंद करो के जोरदार नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। श्रमिक यूनियन के नेताओं ने यह चेतावनी भी दी कि पुरानी पेंशन स्कीम लागू नहीं की गई तो आगे देश व्यापी हड़ताल की जाएगी।
                                श्रमिक यूनियन के मंडल संयोजक सी नवीन कुमार, उप मंडल संयोजक के अमर कुमार, ट्रैकमैन संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र कौशिक, महामंत्री संजय गुप्ता, ओबीसी संगठन के मंडल सचिव मधुसूदन राव, ऑल इंडिया  गार्ड काउंसिल ए पी अशोक, श्रमिक यूनियन के केंद्रीय पदाधिकारी एस  बंदोपाध्याय, ए के मोहंती, पीके यादव, एके पांडे, शाखा सचिव राघवेंद्र पांडे और कृष्णकांत सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर श्रमिक यूनियन के युवा पदाधिकारी तारकेश्वर रविकांत, अनिल कुमार, पीके तिवारी,  डी एन मूर्ति, डी मुरली, संतोष आनंद, संदीप, नरेश, आलोक दिनकर, अतुल कुमार, एके सिन्हा, स्वरूप हालदार और हर्षवर्धन प्रसाद सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी एवं यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।