बेटे की हत्या करने गए थे,लेकिन धारदार हथियार से कर दी मां की हत्या, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा 

अरुण त्रिपाठी
 रतलाम,23 दिसम्बर ;अभी तक ;  जिले के नामली थाना अंतर्गत ग्राम रघुनाथगढ़ में 66 वर्षीय महिला की जली लाश मिलने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस जघन्य हत्याकांड को अवैध कब्जा हटवाने की रंजिश में गांव के ही युवक ने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। आरोपी मृत महिला के बेटे की हत्या करने गए थे लेकिन धारदार हथियार से मां की हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को जला दिया।
                                              शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर एसपी राहुल लोढा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 21 दिसंबर को ग्राम रघुनाथगढ़ निवासी मंगूबाई पति भागीरथ 66 वर्ष का शव जली हुई अवस्था में मिला था। महिला के बेटे मुकेश की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया। एएसपी राकेश खाखा एवं ग्रामीण एसडीओपी अभिलाष भलावी की अगुवाई में टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध कार जाते दिखाई दी। इसके बाद भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर कार की लोकेशन ट्रेस करते हुए आरोपी कन्हैया लाल पिता लालू उम्र 22 वर्ष निवासी रघुनाथगढ़ थाना नामली, मनीष पिता गोपाल 25 वर्ष निवासी धार, सत्यनारायण पिता समरथलाल 24 वर्ष निवासी धार और गोकुल पिता लाल सिंह 19 वर्ष निवासी धार को गिरफ्तार किया गया। एक अन्य आरोपी मांगीलाल पिता बाबूलाल निवासी धार फरार है।
                                 एसपी राहुल लोढा के अनुसार आरोपी कन्हैया लाल को शक था कि मृतिका के बेटे मुकेश ने शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर लगाई गई उसकी गुमटी की शिकायत कर उसे हटवाया था। रंजीश में उसने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर मुकेश की हत्या की साजिश बनाई और घटना वाले दिन मुकेश को मारने के इरादे से उसके घर पहुंचे। मुकेश की मां खाट पर पूरा चद्दर ओढ़ कर सोई हुई थी। आरोपियों ने मुकेश समझकर महिला के गले और पेट पर धारदार हथियार से वार कर उसे मार दिया। जब उन्हे पता चला कि यह मुकेश नहीं उसकी मां है तो उन्होंने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पेट्रोल डालकर महिला के शव को जला दिया। एसपी राहुल लोढा ने बताया कि घटना की जघन्यता को देखते हुए इस मामले को पुलिस ने चिन्हित अपराध में दर्ज किया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है ,जबकि एक आरोपी फिलहाल फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।