प्रदेश

बेमौसम की वर्षा में जनजीवन अस्त व्यस्त, जिले में 1 मार्च से अब तक 100 मिलीमीटर वर्षा दर्ज

मंडला संवाददाता
मंडला ३० अप्रैल ;अभी तक;  जिले में हो रही बेमौसम की वर्षा में न केवल जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है बल्कि किसानों पर आफत आ पड़ी है। व्यापारियों का व्यापार मंदा हो चला है। दोपहर में तेज धूप, शाम को झमाझम वर्षा और रात में मौसम में ठंडक आ जाने से लोगों की सेहत पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ रहा है और लोग बीमार होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
                                  पिछले 15 दिनों से जिले में शाम ढलते ही मौसम बिगड़ रहा है और आसमान में काले घने बादलों के घराने के साथ ठंडी हवा चल रही है और कुछ ही देर में झमाझम वर्षा होने लगी है। शनिवार की शाम को जिले में मौसम विभाग ने 3 मिली मीटर की वर्षा दर्ज की है। इससे ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को शाम होते ही मौसम बिगड़ा और कुछ ही देर में घंटों झमाझम वर्षा हुई मानो बरसात का मौसम चल रहा हो।
                     शुक्रवार की शाम 7:30 बजे से रात 11:15 बजे तक रुक-रुक कर बरसात होती रही। शुक्रवार को जिले भर में 16 मिलीमीटर की वर्षा दर्ज की गई।
                मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 1 मार्च 2023 से अब तक जिले भर में कुल 100 मिलीमीटर की वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चेतावनी दर्ज की है कि प्रदेश के कई जिलों में अल्पकालिक ओलावृष्टि एवं गरज चमक के साथ अल्पकालिक तेज हवा चल सकती है। अनुमान लगाया गया है कि हवा चलने की गति को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार हो सकती है। मौसम विभाग ने जिन जिलों को चिन्हित किया है। उसमें मंडला जिला भी शामिल है।
किसानों को सुझाव
लगातार बिगड़ते मौसम के कारण विभाग ने किसानों को सुझाव दिया है कि वह परिपक्व सरसों, चना, गेहूं, दालों की जल्द से जल्द कटाई करें और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जमा करें। केले के गुच्छे को बांस की डंडियों या पॉलिप्रोपिलीन के डंडियों का सहारा दें और नई रोपी गई सब्जियों विशेष रूप से लता वाली सब्जियों को सहारा दे। बागवानी की फसलों में यांत्रिक क्षति को रोकने के लिए हेलनेट का उपयोग करें। सिंचाई और किसी भी प्रकार के रासायनिक छिड़काव से बचें।
आम जनता के लिए सुझाव दिए गए हैं कि तेजी से चमक रही आकाशीय बिजली से होने वाले नुकसान से बचने के लिए घर के अंदर रहे। खिड़कियां एवं दरवाजों को बंद रखें और यदि संभव हो तो यात्रा से बचें। सुरक्षित आश्रय ले, पेड़ों के नीचे शरण न लें। कंक्रीट के फर्श पर ना लेटे और कंक्रीट की दीवारों को सहारा ना लें। इलेक्ट्रिकल उपकरणों के प्लग निकाल दें। तूफान के दौरान जल निकायों से तुरंत बाहर निकले और उन सभी वस्तुओं से दूर रहें जो बिजली का संचालन करती है।
शुक्रवार को जिले में दर्ज वर्षा
नारायणगंज 22.3
 बिछिया 2.2
 मोहगांव 15.3
निवास 3.2
घुघरी 4.0
मवई 5.0
मंडला 16.2
नैनपुर 17.0
 बीजाडांडी 19.4
(सभी आंकड़े मिली मीटर में दिए गए हैं।)

Related Articles

Back to top button