*मुख्यमंत्री के रूप में नहीं बल्कि भाई के रूप में बहनों के बीच में आया हूं : मुख्यमंत्री*

महावीर अग्रवाल
मंदसौर 11 मई ;अभी तक;  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सीतामऊ मंडी परिसर में कहा कि पहले बहने चुनाव नही लड़ती थी , साहब लड़ते थे । हमने तय कर दिया है आधी सीटो पर बहने चुनाव लड़ेगी। अब बड़े बड़े पदों पर बैठ कर बहने सरकार चला रही है। अब बहनों बेटियों के नाम पर मकान,दुकान, जमीन लेने पर रजिस्ट्रेशन के लिए केवल एक प्रतिशत स्टाम्प ड्यूटी लगेगी।
                                 मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान सुवासरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जवानपुरा में 2374 करोड़ रु लागत से बनने वाली डाबयुक्त सूक्ष्म वृहद सिंचाई परियोजना के भूमि पूजन करने का बाद सीतामऊ में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस परियोजना के पूरा होने पर इस क्षेत्र के 252 गांवों की कोई एक लाख से अधिक किसानों की कोई डेढ़ लाख हेक्टर जमीन में सिंचाई हो सकेगी।उन्होंने कहा कि मंदसौर जिले की एक एक इंच जमीन में सिंचाई कीव्यवस्था करेंगे। गांधीसागर का पानी सूखे खेतो तक लाएंगे।हमारा लक्ष्य चौतरफ़ा तरक्की और विकास है।  यही उन्होंने नाहरगढ़ में नगर पंचायत व कयामपुर में तहसील कार्यालय बनाने की घोषणा की।
                     मुख्यमंत्री ने कहा कि कमलनाथ के झूठे वादों के कारण किसान कर्ज में हो गए। किसानों के कर्ज का ब्याज यह सरकार भरेगी।
                             मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बहनों को कुछ देने के लिये रातभर जागा । मन मे विचार आया कि रखी के दिन तो भाई , बहन के घर जाता है। कुछ देता है। उनके मनमे विचार आया हर महीने एक हजार रु बहनों के खातों में डाल दिया जाए। इसके लिए कोई सवा करोड़ बहनों ने फार्म भर दिए है।अब 10 जून को बहनों के खातों में पहले महीने का पैसा डाल दिया जाएगा। घर मे 3 बहुए है तो उन सभी के खातों में पैसा दिया जाएगा।
                          लाडली लक्ष्मी योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अच्छी योजना से वह परेशान होकर कुछ लोग नकली योजना बना रहे है। मामाकी योजना से परेशान हो गए। ये ठग लोग  वे है जिन्होंने बेटियों की शादी तो हो गई थी लेकिन बेटियों के खातों में पैसे नही डाले थे।
उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग और मेडिकल कालेजों में अंग्रेजी में पढ़ाई को लेकर कांग्रेस ने एक और पाप किया है। इन कालेजो में अब हिंदी में पढ़ाई करवाई जाएगी। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए आगे पढ़ने के लिए 5 प्रतिशत सीटे और आरक्षित की जाएगी
 मुख्यमंत्री लाड़ली बहनाबेरोजगारी भत्ते का लाली पाप कांग्रेस देती है लेकिन में नही देता। अब जो बच्चे काम सीखने के लिए जाएंगे उन्हें 8 हजार रु महीना दिया जाएगा।  नया जमाना लाना है। मध्यप्रदेश में एक नई संस्कृति का दौर शुरू करे।
उन्होंने कहा कि उनको भी जवाब दे जो ठगनेका काम कर रहे गए। उन्होंने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1500 रु महीना फिर दे दिया जाएगा। उन्होंने एक बड़ी बात यह कही की में जीऊंगा तुम्हारे लिए और मरूंगा तुम्हारे लिए ।
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान लाडली लक्ष्मी सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम में आने से पूर्व मुख्यमंत्री हेलीपैड़ से ई रिक्शा में बैठकर लाड़ली बहना सम्मेलन में पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री कलश यात्रा में शामिल हुए। इसके साथ ही कयामपुर सीतामऊ दाबयुक्त वृहद सिंचाई परियोजना के लिए बनाए गए पाइप में प्रवेश कर कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान 252 गांव से एकत्रित हुए कलश की पूजा की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने सभी लाड़ली बहना का स्वागत पुष्प वर्षा करके किया। लाड़ली बहना सम्मेलन कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन के साथ किया। इस दौरान लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी भेट की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि कयामपुर सीतामऊ दाबयुक्त वृहद सिंचाई परियोजना अंतर्गत जितने भी गांव छूटे हैं। उन सभी को इस परियोजना अंतर्गत शामिल किया जाएगा। साथ ही नाहरगढ़ को नगर पंचायत तथा कयामपुर को तहसील बनाया जाएगा। सभी लाड़ली बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं मुख्यमंत्री के रूप में नहीं बल्कि आप सभी के भाई के रूप में आपके बीच में आया हूं। इस दौरान सभी बहनों को “फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है” गीत गाकर भी सुनाया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती पंकजा मुंडे, जिले के प्रभारी मंत्री तथा औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा पर्यावरण विभाग के मंत्री श्री हरदीप सिंह डंग, जल संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग मध्य प्रदेश शासन के मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, मंदसौर विधायक श्री यशपाल सिसोदिया, विधायक श्री माधव मारू, विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, श्री नानालाल अटोलिया, श्री बंशीलाल गुर्जर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती प्रियंका गोस्वामी, पूर्व विधायक श्री राधेश्याम पाटीदार अन्य सभी जनप्रतिनिधि, कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक अन्य सभी अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में लाड़ली बहना, आम नागरिक, पत्रकार मौजूद थे।
*जमीन खरीदने पर बहनों को 1 प्रतिशत रजिस्ट्री शुल्क देनी होगी*
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को कहा कि एक समय था जब महिलाओं के नाम से लोग जमीन नहीं खरीदते थे। लेकिन हमने नियमों में बदलाव किए है। अब महिलाओं के नाम से जमीन की रजिस्ट्री कराने पर रजिस्ट्री शुल्क 1 प्रतिशत देना होगा। उस कारण प्रदेश में 45 प्रतिशत रजिस्ट्री महिलाओं के नाम से होने लगी है। स्थानीय चुनाव में भी 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं को दी जा रही हैं। और महिलाएं चुनाव जीतकर सरकार चला रही है।
*10 जून से बहनों के खाते में लाड़ली बहना योजना के पैसे आना शुरू होंगे*
आगामी 10 जून से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत लाड़ली बहना के खातों में पहली किस्त आना शुरू होगी। यह योजना बहनों के सशक्तिकरण के लिए बहुत अद्भुत योजनाएं हैं। पैसों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और परिवार में इज्जत भी बढ़ेगी। सास बहू में इससे प्रेम भी बढ़ेगा। अब महिलाओं को पति से पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
*मंदसौर जिले में एक-एक इंच भूमि पर सिंचाई की व्यवस्था करेंगे*
मंदसौर जिले की एक-एक इंच भूमि पर सिंचाई की व्यवस्था की जाएगी। मंदसौर जिले में कोई ऐसा क्षेत्र नहीं रहेगा जहां की भूमि सिंचित नहीं होगी। मंदसौर नीमच जिला खेती में नंबर वन बनेगा।  डिफाल्टर किसानों का कर्जा सरकार भरेगी। इसके लिए 14 मई से 25 मई तक फार्म भरे जाएंगे।
*हर बच्चों की राह आसान होगी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के सपने को मरने नहीं दिया जाएगा। हर बच्चों की राह आसान होगी। जिनको अंग्रेजी पढ़ाई समझ में नहीं आती थी। हमने तय किया है कि, अब मेडिकल की पढ़ाई भी अंग्रेजी के स्थान पर हिंदी में होगी। मेडिकल की पढ़ाई के लिए प्राइवेट एवं शासकीय स्कूलों के बच्चे जाते थे। शासकीय स्कूल के बच्चों के लिए हमने मेडिकल कॉलेजों में 5% सीटें रिजर्व कर दी है। इससे बच्चों की जिंदगी बदलेगी। इसके साथ ही बहुत से बच्चे स्कूलों में नहीं पढ़ पाते थे। इसके लिए हमने मंदसौर जिले में 7 सीएम राइज स्कूल बनाए हैं। अगले वर्ष से इन स्कूलों में बच्चों को बस ले जाएगी और वापस घर छोड़ेगी। जिन लोगों के पास में रहने के लिए जमीन नहीं है। उनको अलग से पट्टा देकर उसी भूमि पर मकान बना दिया जाएगा। पूरे प्रदेश में 70 हजार पट्टे अब तक वितरित किए जा चुके हैं। जो जहां रह रहा है। उसको वहीं पर पट्टा मिलेगा। बिना पट्टे का कोई भी नहीं रहेगा।
*16 मई से शुरू होगा सीएम जनसेवा अभियान अंतर्गत गांव गांव में शिविर*
आगामी 16 मई से पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान अंतर्गत गांव गांव में शिविर लगना शुरू होंगे। यह अभियान 31 मई तक चलेगा। इस अभियान में 15 विभागों की 67 सेवाओं को शामिल किया गया है। इसमें सभी छोटी-छोटी सेवाओं को लिया गया है। जो कैंप के माध्यम से लोगों को प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि 15 मई तक जिले में जितनी भी शिकायत है। उनका निराकरण करें। इसके लिए गांव-गांव में शिविर लगाए। 15 अप्रैल तक जिले में 6114 शिकायतें लंबित है। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन की 15 अप्रैल तक 3663 शिकायतें लंबित है। इन सभी शिकायतों का निराकरण कलेक्टर तुरंत करवाएं। 15 जुलाई तक विवादित बटवारा की शिकायतों का भी कलेक्टर एवं उनकी टीम मिलकर निराकरण करें। कोई काम शेष ना रखें। प्रत्येक काम जनता के हित में करें एवं जनता का हर काम होना चाहिए।
*काम सीखने वालों को 8 हजार प्रतिमाह देंगे*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारों को भत्ता प्रदान नहीं किया जाएगा। बल्कि बेरोजगारों को रोजगार प्राप्त हो इसके लिए उन्हें हुनर सिखाई जाएगी। जो हुनर सीखेगा उन्हें 8 हजार रुपए प्रति माह प्रदान किए जाएंगे।
*लाड़ली बहना सेना बनाई जाएगी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 बहनों की एक टीम बनेगी। जिसको लाड़ली बहना सेना नाम दिया जाएगा। यह टीम महिलाओं से जुड़ी जितनी भी योजनाएं हैं। उनका लाभ महिलाओं को प्रदान करेगी तथा महिलाओं को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं मिल रहा है। इसकी निगरानी करेगी। आंगनवाड़ी बहनों को भी 1500 रुपए हर माह फिर से दिया जाएगा। जो कुछ समय से बंद थे। उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि मैं आपके लिए ही जीयुगा और आपके लिए ही मरूंगा।
कार्यक्रम के अंत में हितग्राहियों को भू-अधिकार पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी आश्वासन पत्र, ई-रिक्शा की चाबी, स्व सहायता समूह की महिलाओं को 165 लाख का क्रेडिट लिंकिंग चेक मुख्यमंत्री ने प्रदान किया।  इसके साथ ही उद्योग विभाग के यंग अचीवर, बाल श्रवण योजना का लाभ लेने वाले हितग्राही, एपीओ का निर्माण करने वाली हितग्राही, आयुष्मान कार्ड योजना के हितग्राही ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। अंत में मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना गीत गाने वाली बहनों को सम्मानित किया।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा तथा पर्यावरण विभाग के मंत्री श्री हरदीप सिंह डंग द्वारा कहा गया है कि आज हर क्षेत्र में चहुमुखी विकास हुआ है। आज 2374 करोड़ की कयामपुर सीतामऊ दाबयुक्त वृहद सिंचाई परियोजना का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया है। इसे चंबल नदी, गांधी सागर जलाशय पर बनाया जा रहा है।  यह परियोजना जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर सीतामऊ तहसील का ग्राम जवानपुरा में निर्माणाधीन है। इस परियोजना से जिले के 252 ग्रामों की 1 लाख 12 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इससे आसपास के 1 लाख 49 हजार 300 हितग्राही लाभान्वित होंगे। चंबल का पानी हर खेत, हर घर तक पहुंचे। जो सपना था। आज वह पूर्ण हुआ है।
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट द्वारा कहा गया कि हर पवित्र काम में बहनों की जरूरत होती है। आज महत्वपूर्ण परियोजना प्रदान करके कई वर्षों की साधना आज पूर्ण हुई है। एक समय था जब 2003-4 में 5 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती थी। लेकिन अब 3 लाख 42 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। पूरे प्रदेश में अब 45 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है।
सांसद श्री सुधीर गुप्ता द्वारा कहा गया कि मां, बहन, बेटी तीनों का आशीर्वाद लेने का आज अवसर मिला है। चंबल का पानी घरों एवं खेतों तक आया है और वर्षों का सपना पूरा हुआ है। यह देश की अभूतपूर्व योजनाएं हैं।
कार्यक्रम समापन के पश्‍चात मुख्‍यंमत्री ने स्‍थानीय जनप्रतिनिधियों, मुख्‍यमंत्री जनसेवा मित्र और जन अभियान परिषद के सदस्‍य से मुलाकात कर चर्चा की। मुख्‍यमंत्री लाड़ली बहना योजना में इनके द्वारा किये गए कार्यों के बारे में विस्‍तार से जाना।