रतलाम के सनावदा में युवक की हत्या,  नाराज ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, तीन हमलावर गिरफ्तार 

 अरुण त्रिपाठी
रतलाम,7 मई ;अभी तक;  रतलाम के स्टेशन रोड़ थाना अंतर्गत ग्राम सनावदा रोड पर शनिवार रात एक युवक की हत्या कर दी  गई। एक अन्य नवयुवक घायल हो गया| रविवार सुबह रतलाम में मेडिकल कॉलेज में जब  मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा था, तब नाराज ग्रामीणों ने सनावदा से जुडी फोरलेन की सडक़ पर रास्ता रोक चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि आरोपियों के मकान तोड़े जाए | पुलिस अधिकारियो के आश्वासन पर वे माने |
                             सीएसपी हेमंत चौहान ने बताया कि नारायणसिंह पिता ईश्वरसिंह भाटी उम्र 23 वर्ष निवासी नगरा की हत्या हुई है, जबकि उसका साथी नारायण डोडिया उम्र 16 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया| स्टेशन रोड़ थाना पर नगरा निवासी राजपालसिंह की रिपोर्ट पर तीन-चार हमलावरों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला धारा 302, 307, 34 भादवि में दर्ज कर तीन हमलावरों को गिरफ्त में ले लिया है।
                            प्रारंभिक जाँच में हत्या की वजह मोबाइल पर चैटिंग करने की बात पर आपसी विवाद होना पाया गया | इसी विवाद में आरोपियों ने बात करने के बहाने बुलाकर नारायणसिंह और उसके साथी पर लाठी और चाकू से हमला कर दिया था ।
                      रविवार सुबह नारायणसिंह की हत्या से  नाराज ग्रामीणों ने हाइवे सडक़ पर बैठकर रास्ता रोक दिया। ग्रामीणजनों की नाराजगी का पता चलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और वैधानिक कार्यवाही का आश्वासन देकर चक्काजाम खत्म कराया |