इंदौर संभागयुक्त ने किया गोगांवा तहसील का भ्रमण, तीन शिक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश

आशुतोष पुरोहित
खरगोन १२  अगस्त ;अभी तक; इंदौर संभागायुक्त श्री माल सिंह शुक्रवार खरगोन जिले के भ्रमण पर रहें। उनके द्वारा सबसे पहले बिस्टान उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना का पम्प हॉउस का निरीक्षण किया गया। यहां कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर इमरान खान द्वारा परियोजना के लोवर एरिया से ऊपर एरिया तक जल पहुँचने की पूरी तकनीकी जानकारी दी गई। संभागायुक्त श्री सिंह ने बिस्टान परियोजना के अंतिम गांव तक पानी पहुँचाने की नवीन तकनीक से जुड़े हर पहलू के बारे में जाना।
                                साथ ही उन्होंने कहा कि लोकार्पण से पूर्व अगली बार जब दौरा होगा तब अंतिम गांव में पानी की उपलब्धता देखेंगे। उस समय किसी तरह की लापरवाही या टूट फुट या किसानों की शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए। संभागायुक्त श्री सिंह ने ग्यारसपुर स्थित दूसरा पम्प हॉउस भी देखा। उन्होंने यहां स्काडा तकनीक से जल वितरण की नवीनतम टेक्नोलॉजी से नियंत्रण के बारे में ही जाना। इस दौरान कलेक्टर श्री शिवराज सिंह वर्मा, एसडीएम श्री भास्कर गाचले, एनवीडीए कार्यपालन यंत्री श्री एमएस परस्ते उपस्थित रहे।
घुघरियाखेड़ी में दो बार वाहन रुकवा कर किया औचक निरीक्षण
                                 इंदौर सम्भागायुक्त श्री मालसिंह घुघरियाखेड़ी से निकलते वक्त रोड से लगी जल जीवन मिशन की टंकी दिखाई देने पर गाड़ी रुकवा कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए पानी के वितरण और गुणवत्तापूर्ण कार्य की जानकारी ली। इसके बाद वे जब गांव से बाहर हुए तो मिर्च की फसल देखने गाड़ी से उतरे। यहां किसान गणपति चौहान से अपने व परिवार के संबंध में पूरी जानकारी ली। संभागायुक्त श्री मालसिंह ने किसान से कहा कि 5वी पास किसान इस तरह से उन्नत खेती कर रहा है। 70 हजार में बंटाई पर लिए खेत से पहली ही फसल से 3 बार तोड़े में 20 क्विंटल मिर्च का उत्पादन काबिले तारीफ है। अभी लाल मिर्च के तोड़े बाकी है। उन्होंने ड्रिप के बारे में भी जानकारी ली।
सोलना गांव में पम्प हॉउस के अलावा स्कूल निरीक्षण
संभागायुक्त श्री माल सिंह ने ग्यारसपुर में स्थित पम्प हॉउस का निरीक्षण करने के पश्चात सोलना गांव की माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। यहां बच्चों की उपस्थिति कम पाए जाने पर शिक्षक जगदीश वास्कले, राजेन्द्र गुप्ता और शिक्षिका हीरा मुजाल्दे को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए अस्पताल और खाद वितरण की जानकारी भी ली।
निधिवन का किया अवलोकन
खरगोन वापसी के समय संभागायुक्त श्री मालसिंह ने निधिवन का अवलोकन किया। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती ज्योति शर्मा ने डीपीआर में किये गए प्रावधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सम्भागायुक्त श्री मालसिंह ने यहां करीब 45 मिनट बिताए। उन्होंने खरगोन प्रशासन के इस प्लान की खूब प्रशंसा की।