दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों के वेतन से काटी गई भविष्य निधि राशि खातों में जमा नहीं

आनंद ताम्रकार
बालाघाट  ३ अगस्त ;अभी तक ; जिले की नगर पालिका परिषद वारासिवनी में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों के वेतन से काटी गई भविष्य निधि राशि एवं परिषद द्वारा दिये जाने वाले अंशदान की राशि श्रमिकों के भविष्य निधि के खातों में जमा नहीं की गई है जिससे श्रमिकों असंतोष व्याप्त है।
                    श्रमिकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2019 माह फरवरी से 31 दिसंबर 2022 तक की अवधि में लगभग 200 श्रमिकों के खातों में लगभग 3 करोड़ रुपये की राशि जमा कराई जानी थी जो जमा नहीं कराई गई।
                      प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रमिकों के वेतन से कटौती की गई भविष्य निधि की राशि एवं नगर पालिका द्वारा जमा कराये जाने वाले अंशदान की राशि श्रमिकों के खातों में जमा ना कराते हुये अन्य प्रयोजनों में व्यय कर दी गई है जो नियम व विधि संगत नहीं है। भविष्य निधि की कटौती कर राशि खातों में जमा ना कराया जाना अपराध की श्रेणी में आता है। इन विसंगतियों के चलते अगर किसी श्रमिक के अनायास मृत्यु हो जाने की स्थिति में उसके नाम पर कटौती की जाने वाली राशि का भुगतान किया जाना संभव नहीं है।
                         इस संबंध में जिला कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी वारासिवनी को लिखित शिकायत की गई है की भविष्य निधि की राशि खातों में ना जमा कराते हुये अन्य प्रयोजनों में व्यय करने वाले परिषद के पदाधिकारियों नपा के अधिकारी कर्मचारी के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाये।
                             वहीं इस संबंध में जानकारी के देते हुये मुख्य नगरपालिका अधिकारी दीक्षा डेहरिया ने भविष्य निधि के खातों में राशि जमा ना होने की बात की पुष्टि करते हुये अवगत कराया की इसके लिये पूर्व परिषद एवं पूर्व अधिकारी जिम्मेदार है जिन्होने पालिका की आवश्यकता एवं क्षमता के विपरीत आवश्यकता से अधिक दैनिक कर्मचारियों को लगा के रखा है जिसके कारण परिषद को कर्मचारियों को प्रतिमाह का वेतन जो लगभग 40 लाख रुपये होता है देने में कठिनाई होती है वेतन के लिये जो शासन से अंशदान मिलता है वह बहुत अल्प होता है।
                                उन्होने यह भी बताया की भविष्य निधि के खातों में कटौती की राशि जमा ना किए जाने के कारण खाते सीज कर दिये गये है।