जंगली हाथी को रेस्क्यू कर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व भेजा

मोहम्मद  सईद
शहडोल 2 मार्च ; अभी तक ; पिछले लगभग एक माह से शहडोल जिले में अलग-अलग वन परिक्षेत्र में विचरण कर आतंक मचाने वाले जंगली हाथी को अंततः वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। इस बिगड़ैल जंगली हाथी को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व भेजा गया है।
                                    मुख्य वन संरक्षक शहडोल एल एल उइके, वन संरक्षक शहडोल उत्तर गौरव चौधरी तथा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व उप क्षेत्र संचालक पीके वर्मा के कुशल मार्गदर्शन में इस जंगली हाथी का रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हाथी को रेस्क्यू करने की कार्रवाई सुबह 5:30 बजे शुरू हुई जो 8 बजे अंजाम तक पहुंची।
                              वन संरक्षक शहडोल उत्तर गौरव चौधरी ने अभी तक को बताया कि रेस्क्यू अमनार बनचाचर क्षेत्र में 3 वेटनरी डॉक्टर और 6 पालतू हाथी की मदद से किया गया। रेस्क्यू किए गए हाथी का स्वास्थ्य ठीक है और उसको बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व भेजा गया है। उन्होंने बताया कि इस हाथी को रेस्क्यू करने का प्रयास पिछले तीन दिनों से किया जा रहा था, मगर क्षेत्र के अत्यधिक दुर्गम होने एवं पहाड़ियों से घिरे होने के कारण रेस्क्यू में 3 दिन का समय लगा। इस रेस्क्यू की एक सुखद बात यह भी है, की टीम का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ। रेस्क्यू की संपूर्ण कार्रवाई में मुख्य रूप से उप वन मंडल अधिकारी जयसिंहनगर मुकुल ठाकुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी जयसिंहनगर दिनेश पटेल, वन परिक्षेत्र अधिकारी अमझोर तरुणेन्द्र सिंह, उप वन मंडल अधिकारी बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व श्री उप्पल, वन परिक्षेत्र अधिकारी पर्यटन शील श्रीवास्तव एवं अधीनस्थ अमले की मुख्य भूमिका रही।
                                    वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस जंगली हाथी ने केशवाही क्षेत्र में एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला था। केशवाही से चलकर यह जयसिंहनगर क्षेत्र में बांचाचर के अमनार गांव पहुंच गया था। इस दौरान इसने कई लोगों को घायल करने के साथ ही कई मकान तोड़े दिए थे एवं किसानों की फसल को भी नुकसान पहुंचाया था।