13 वर्षीय बालक की नदी में डूबने से मौत

मयंक शर्मा

खंडवा १० जुलाई ;अभी तक;  जिले के ग्राम पिपलोद में एक 13 वर्षीय बालक की नदी में डूबने से मौत हो गई।मृतक गणेश पिता बंटी भाटी, जाति लोढ़ा, ग्राम- नावदा, जिला इंदौर का रहने वाला है। वह अपने मामा के गांव राणाजी पिपलोद में बचपन से रहा है। पिता बंटी भाटी इंदौर के नावदा में मजदूरी करते है। गणेश और उससे 5 साल बड़ी बहन गुनगुन अपनी मां छायाबाई के साथ ननिहाल में रहते है। दोनों भाई-बहन मां के साथ रहकर पिपलोद के सरकारी स्कूल में पढ़ते है। गणेश आठवीं कक्षा का छात्र था। वह शनिवार शाम साढ़े 5 बजे अपने दोस्तों के साथ गांव के बाहर नदी पर नहाने गया था। नालानुमा नदी के बीचो-बीच गहराई ज्यादा थी। तैरते-तैरते गणेश गहराई के पास चले गया। वह पानी में डूबने लगा तभी उसने दोस्तों से मदद मांगी।

थाना प्रभारी आरपी रावत ने बताया कि हादसा गांव के बाहर नदी पर गहरे पानी में नहाने के दौरान हुआ। डूबने के तत्काल 20 मिनट बाद गांव वालों ने रेस्क्यू कर उसे निकाल लिया। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उधर मृतक के परिजन का आरोप है कि, उन्हें सिंगोट और पिपलोद के सरकारी अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर नहीं मिले। बच्चे की हालत भले ही नाजुक थी, लेकिन समय पर इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी।

मृतक गणेश के पड़ोसी भोलाराम खजूरे बताते है कि, गणेश को हम लोग पिपलोद और फिर सिंगोट लेकर गए थे। दोनों अस्पताल प्राथमिक और सामुदायिक स्तर के है। लेकिन स्वास्थ्य सुविधाओं के यह हाल है कि डॉक्टर ही उपलब्ध नहीं है। यदि डॉक्टर मिल जाता तो हमारे बच्चे की जान बच जाती। गणेश इकलौता बेटा था। रविवार को पोस्टमार्टम केंद्र के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।