पत्नी की हत्या कर फांसी झूला युवक, शराब पीकर आये दिन पत्नी से करता था मारपीट,

एस पी वर्मा
सिंगरौली १८ अक्टूबर ;अभी तक;   जिला मुख्यालय से महज 5 किलोमीटर दूर विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बनौली में मंगलवार- बुधवार की मध्य रात्रि  पत्नी की  हत्या कर युवक द्वारा  फांसी पर झूलकर  इहलीला समाप्त कर लेने की घटना प्रकाश में हैं। दंपत्ति के हत्या व आत्महत्या की घटना से क्षेत्र में सनाका खींच गया। सूचना मिलने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक पी एस परस्ते व टी आई अनिल वाजपेयी दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।
                                          घटना की जानकारी में विन्ध्यनगर टी आई अनिल वाजपेयी ने बताया कि मृतक छोटेलाल पुत्र ललई कोल उम्र 30 वर्ष निवासी झरकटिया थाना चितरंगी अपनी मृतिका पत्नी बुधनी उम्र लगभग 32 वर्ष के साथ ग्राम बनौली में रहकर ईट भट्टा में बतौर ट्रैक्टर चालक व मजदूरी का कार्य कर जीविका पार्जन कर रहे थे , लेकिन आज प्रातः मृतिका बुधनी की खून से सनी व मृतक छोटेलाल का फांसी पर लटका का शव उनके घर में मिला।
                                            टी आई श्री बाजपेयी ने बताया कि  आसपास के लोगो से  पूछ ताछ से प्राप्त जानकारी अनुसार  मृतक छोटेलाल शराब पीकर आये दिन अपनी पत्नी से मारपीट करता रहता था ,संभवतः  घटना दिवस की मध्य रात्रि भी दोनो के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा और नशे में धुत छोटेलाल ने अपनी पत्नी के सिर में हमला कर उसे मौत की नींद सुला दिया  और पुलिसिया  कार्यवाही के डर से या आत्मग्लानि की वजह से गमछे का फंदा बना कर फांसी पर झूल  अपनी इहलीला समाप्त कर लिया। पुलिस शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम हेतु चिकित्सालय भेजवा विवेचना में जुट गई।