प्रदेश

मांधाता और पंधाना में भाजपा प्रत्याशी का विरोध शुरू तो हरसूद, खंडवा में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ भी खुला मोर्चा

मयंक शर्मा

खंडवा २३ अक्टूबर ;अभी तक;  जिले में विधानसभा सभा चुनाव में भाजपा, कांग्रेस द्वारा अपने अपने प्रत्याशियों के विरोध के स्वर उग्र होते जा रहे है।  2 सीटों पर कांग्रेस तो 2 सीटों पर भाजपा में बगावत की आग भी भड़क चुकी है।  मांधाता में तो भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पदाधिकारी खुलकर मैदान में आ गए है। मांधाता विस क्षेत्र से भाजपा ने विधायक नारायण पटेल को दोबारा मौका दिया है। यहां भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी व पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संतोष राठौर ने नारायण पटेल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

                                   भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के समर्थक माने जाने वाले संतोष राठौर ने नारायण पटेल को कांग्रेस से आयातित प्रत्याशी बताते हुए विरोध दर्ज कराया है। राठौर ने कहा है कि पटेल भाजपा की रीति-नीति पर खरे नहीं उतरे हैं। उन्होंने मांधाता से प्रत्याशी बदलने की मांग की है, यदि नारायण पटेल को बदला नहीं जाता है तो वह दशहरे बाद बगावत कर निर्दलीय नामांकन जमा कराएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी पोस्ट भी की है।

वहीं, पंधाना में टिकट की दौड़ में शामिल भाजपा के उम्मीदवारों ने रविवार को गुप्त बैठक कर विरोध की रणनीति तैयार की है। पंधाना विस क्षेत्र में विधायक राम दांगोरे का घोर विरोध था। भाजपा से दावेदारी जताने वाले कई उम्मीदवारों ने भोपाल भाजपा कार्यालय में प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद भाजपा ने यहां से कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन करने वाली छाया मोरे को मौका दिया। अब छाया मोरे का भी विरोध शुरू हो गया है। भील समाज पदाधिकारियों, में दावेदारी जताने वाले नवल बोरकर, जितेंद्र भाटे, गंगाबाई मोरे, चिंतामण जगताप सहित अन्य ने ग्राम कुुसुंबिया में बैठक भी की है। संभवत विरोधी एक-दो दिन में खुलकर सामने आ जाएंगे।

इधर, हरसूद,व खंडवा में कांग्रेस प्रत्याशियों का विरोध भी जारी है।  हरसूद में तो कांग्रेस प्रत्याशी का खुलकर विरोध हो रहा है। यहां खालवा, हरसूद में विरोधियों ने सुसुखराम साल्वे का पुतला दहन किया है। हरसूद से कांग्रेस प्रत्याशी बदलने की मांग जोर पकड़ रही है। वही पिछली बार खंडवा विस में हार का सामना कर चुके कुंदन मालवीय का भी विरोध हो रहा है। शनिवार को अरुण यादव गुट ने बैठक कर 12 घंटे में प्रत्याशी बदलने की मांग की और सामूहिक इस्तीफे की बात भी कही है।

Related Articles

Back to top button