शिवजीत सिंह जिला काग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त

दीपक शर्मा

पन्ना १७ जून ;अभी तक; मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पन्ना जिले के संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पन्ना जिला कांग्रेस अध्यक्ष शारदा पाठक के भारी विरोध और गंभीर शिकायतों के मद्देनज़र तत्काल प्रभाव से पद से हटाते हुए शिवजीत सिंह भैया राजा को पन्ना जिला कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

                             उल्लेखनीय पिछले साल वर्ष 2022 में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पन्ना जिले में कांग्रेस पार्टी का अब तक का सबसे शर्मनाक प्रदर्शन रहा। नगरीय निकाय चुनाव में पन्ना नगर पालिका के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशियों के मुकाबले में कांग्रेस पार्टी के द्वारा दो वार्डों पार्षद पद के बेहद कमजोर उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया था। जिसके चलते कांग्रेस के दोनों ही उम्मीदवारों ने अपना नामांकन फार्म वापस लेकर भाजपा के अध्यक्ष पद के दो प्रत्याशियों को निर्विरोध पार्षद निर्वाचित कराने में अहम भूमिका निभाई थी।

इसी तरह अमानगंज और अजयगढ़ नगर परिषद में भी कांग्रेस के पार्षद पद उम्मीदवारों ने अपना पर्चा वापस ले लिया था। इन घटनाओं ने नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी का चुनावी माहौल काफी ख़राब हुआ था। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शारदा पाठक पर सुनियोजित तरीके से भाजपा उम्मीदवारों के लिए मुकाबले को आसान बनाने अथवा उन्हें निर्विरोध निर्वाचित कराने के लिए पार्टी के साथ विश्वासघात करने जैसे गंभीर आरोप लगे। पन्ना नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की बागी उम्मीदवार कीर्ति अंकुर त्रिवेदी को अध्यक्ष बनवाने के लिए पर्दे के पीछे कांग्रेस पार्षदों तथा पार्टी पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठते रहे हैं। वहीं जिला पंचायत पन्ना में कांग्रेस समर्थित सबसे अधिक सदस्य निर्वाचित होने के बाद भी जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार मीना राजे का निर्विरोध निर्वाचित होना बेहद हैरान करने वाला घटनाक्रम रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्वाचन में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को नामांकन दाखिल करने के लिए प्रस्तावक-समर्थक न मिलने को जिले के कांग्रेस नेतृत्व की घोर उदासीनता और अक्षमता के तौर पर देखा गया। इसके आलावा पन्ना जिला कांग्रेस अध्यक्ष शारदा पाठक कुछ माह पूर्व अपनी जंबो जिला कार्यकारिणी घोषित की थी जिसके बाद पार्टी के पदाधिकारी ही खुलकर उनके विरोध में सड़कों पर उतर आए थे। जिला कार्यकारिणी के गठन में की गई मनमानी से नाराज कांग्रेस के सैंकड़ों पदाधिकारी पिछले 3 माह से लगातार जिला कांग्रेस अध्यक्ष शारदा पाठक का मुखरता के साथ हर स्तर पर विरोध कर रहे थे। यहां तक कि उन्हें भाजपा का एजेंट बताते हुए उग्र नारेबाज़ी और जिले भर में पुतला दहन किया गया था। पन्ना जिला कांग्रेस अध्यक्ष शारदा पाठक के क्रिया-कलापों से नाराज पार्टी नेताओं की आपत्तियों, तथ्यों, तर्कों तथा साक्ष्यों पर गौर करने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज आखि़रकार पन्ना जिले में कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव के निर्णय पर अपनी मुहर लगा दी है। शारदा पाठक को जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से पृथक करते हुए वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता शिवजीत सिंह को चुनावी वर्ष मे जिला काग्रेस कमेटी के अध्यक्ष्ज्ञ पद की जिम्मेदारी सौपी गई है।