राजस्थान के तांत्रिक ने गड़ा धन निकालने के बहाने घर में रहकर 3 महिलाओं से दुष्कर्म किया

अरुण त्रिपाठी
 रतलाम ,19 फरवरी  ;अभी तक;  जिले के आलोट थाना क्षेत्र में राजस्थान के बेगू जिला चित्तौड़गढ़ निवासी बलवीर पिता महावीर बैरागी ने गड़ा धन निकालने के बहाने 3 महिलाओं से दुष्कर्म किया | वह तांत्रिक के रूप मे जादू टोने का डर दिखाकर 10 दिन एक परिवार में रुका रहा। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है |
                             तांत्रिक 8 से 18 फरवरी तक आलोट में एक परिवार के साथ रहा | पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने अपने आप को करोड़पति बताया और अनिल अंबानी के घर भी तंत्र मंत्र करने की बात कही। तांत्रिक क्रिया के दौरान चावल में कुछ मिला कर परिवार के सदस्यों को खिला दिया, इसके बाद बेहोशी की हालत में उसने दुष्कर्म किया।
                                   महिला के अनुसार सात दिन में तांत्रिक ने उसकी बेटी और बहन के साथ भी दुष्कर्म किया। वह चाकू-छुरी का डर दिखाता और परिवार के सदस्यों के मोबाइल बंद करवा दिए थे। परिवार के पुरुषों को उसने मेहँदीपुर बालाजी के दर्शन करने भेज दिया था | घर का दरवाजा 8 दिनों तक बंद रहा | मोहल्ले वालों ने शक होने पर दरवाजा खुलवाकर घर के अंदर प्रवेश किया, तो तांत्रिक ने भागने की कोशिश की| लोगों ने उसको पकड़ कर पहले धुनाई की और बाद में पुलिस के हवाले किया। पूछताछ में उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल किया| .
                                  एसडीओपी शाबेरा अंसारी ने बताया कि आरोपी के ख़िलाफ़ 376(के),376(2)(एन)और 506 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है |