तेंदुए का हुआ सफल रेस्क्यू

दीपक शर्मा
पन्ना १४ अगस्त ;अभी तक; जिले के उत्तर वन मंडल अंतर्गत वन परीक्षेत्र धरमपुर के ग्राम इचोलिया में महेंद्र सिंह के कच्चे मकान में घुसे खूंखार तेंदुए का पन्ना टाइगर रिजर्व और उत्तर वन मंडल की टीम द्वारा सोमवार 14 अगस्त दोपहर करीब 1:00 बजे रेस्क्यू करके पकड़ा। तेंदुए को देखने के लिए गांव में आसपास के क्षेत्रों से लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
                     बता दें कि पन्ना जिले के उत्तर वन मंडल अंतर्गत वन परीक्षेत्र धरमपुर के ग्राम इचोलिया में महेंद्र सिंह पिता नत्थू सिंह के कच्चे मकान में एक खूंखार तेंदुआ जंगल से निकलकर घर में घुस गया था और बकरी का शिकार किया था।  इसके बाद ग्रामीणों के द्वारा शोर मचाने पर यह खूंखार तेंदुआ घर के अंदर लकड़ियों के ढेर में छुप गया था जिसकी जानकारी ग्रामीणों के द्वारा वन विभाग को दी गई थी।
                     जानकारी लगने के बाद मौके पर पन्ना टाइगर रिजर्व और उत्तर वन मंडल की टीम पहुंची और तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर उसका रेस्क्यू किया और उसे पकड़ कर पिंजरे में बंद किया। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।  बताया जा रहा है कि यह तेंदुआ पिछले 15 दिनों से गांव के आसपास घूम रहा है जिसके चलते क्षेत्र के लोग दहशत में थे।