देवेश शर्मा
मुरैना 5 जुलाई ;अभी तक ; मुरैना कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर शुक्रवार को पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन और पथराव के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने 85 नामजद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इन पर बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, लोक सेवकों पर हमला समेत 14 धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों में पूर्व विधायक सहित कुछ भाजपा नेता भी शामिल हैं।
यहां बता दें कि बीते दिन न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय पर हुए प्रदर्शन के दौरान लगभग एक हजार लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी। लौटते समय प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रदर्शन करियों के पथराव में कुछ पुलिस अधिकारी, कर्मचारी घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि उपद्रव के आरोप में दर्ज एफआईआर में अजब सिंह कुशवाहा पूर्व विधायक, गिर्राज कुशवाहा, रिंकू कुशवाहा, देव कुशवाहा, रवि कुशवाहा, सतीश कुशवाहा, सर्वंद्र कुशवाहा, श्रीकृष्ण कुशवाहा, सियाराम कुशवाहा, अमर सिंह, उम्मेद, नरेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
गांव-गांव चल रही धरपकड़
पुलिस ने उपद्रवियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। टीमें गांवों में जाकर आरोपियों को तलाश रही हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डाबर ने बताया कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कुशवाहा समाज का प्रदर्शन मुरैना के जौरा क्षेत्र के कासपुरा निवासी रामबरन कुशवाहा के साथ चार दिन पहले गुर्जर समाज के कुछ लोगों ने शहर के बैरियर चौराहे पर लाठी-डंडों से मारपीट की थी ,जिसमें गिरफ्तारी एवं जौरा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय पर 130 बीघा शासकीय जमीन हड़पने का आरोप लगाया था। समाज का दावा है कि वह जमीन कुशवाहा समाज के लोगों की है।
कुशवाहा समाज इन दो मामलों में कार्रवाई की मांग कर रहा था।