प्रदेश

कांग्रेस को तगड़ा झटका, तीन पार्षद भाजपा में शामिल

मोहम्मद सईद
शहडोल 16 अप्रैल अभी तक। कोयलांचल की राजनीति में मंगलवार का दिन भाजपा के लिए काफी अहम और कांग्रेस के लिए बेहद निराशाजनक रहा।  राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी और कोयलांचल की राजनीति में चाणक्य माने जाने वाले भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा की राजनीतिक बिसात ने मंगलवार को कांग्रेस को जोरदार झटका दिया। शहडोल संसदीय क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी श्रीमती हिमाद्री सिंह के हाथों नगर पालिका परिषद धनपुरी के तीन कांग्रेसी पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इनके साथ ही धनपुरी के कई कांग्रेस नेताओं ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। मंगलवार को हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद नगर पालिका परिषद धनपुरी में भाजपा अब बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।
                               भाजपा प्रत्याशी श्रीमती हिमाद्री सिंह के हाथों भाजपा की सदस्यता लेने वाले धनपुरी के कांग्रेस पार्षदों में वार्ड क्रमांक दो के पार्षद विजय यादव, वार्ड क्रमांक 21 की पार्षद श्रीमति दिव्य रेखा सिन्हा और वार्ड क्रमांक 26 की पार्षद चंद्रकांता कोल शामिल हैं। इन तीनों पार्षदों को श्रीमती सिंह ने भाजपा का दुपट्टा पहना कर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर नगर पालिका परिषद धनपुरी की अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छाबड़ा और जैतपुर विधायक जय सिंह मरावी भी उपस्थित रहे।
                           यहां यह भी बताया आवश्यक है, कि धनपुरी में हुए नगर पालिका के चुनाव के उपरांत परिषद में पार्षदों की संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस बहुमत में थी और भाजपा अल्पमत में। लेकिन जब नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष का चुनाव हुआ तो बाजी पूरी तरह से पलटी हुई नजर आई और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा की पत्नी श्रीमती रविंदर कौर छावड़ा सभी कयासों को धता बताते हुए अध्यक्ष निर्वाचित हो गई। भाजपा की इस धमाकेदार जीत को राजनीतिक गलियारों में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छाबड़ा के कुशल राजनीतिक रणनीति  के सफल परिणाम के रूप में देखा गया।
                                 अब कांग्रेस के तीन पार्षदों के भाजपा में शामिल हो जाने से धनपुरी नगर पालिका में एक बार फिर भाजपा पूरी तरह से मजबूत और सुरक्षित हो गई है। अब देखने वाली बात तो यह है कि आगे कांग्रेस के और कितने पार्षद भाजपा में शामिल होते हैं।

Related Articles

Back to top button