कोचिंग के बहाने महिलाओं का यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग करने वाला इंग्लिश कोचिंग संचालक पुलिस की गिरफ्त में

अरुण त्रिपाठी
 रतलाम, ११  अप्रैल ;अभी तक;  पुलिस ने इंग्लिश सिखाने के नाम पर महिलाओं को अपने प्रभाव में लेकर उनका यौन शोषण करने और स्पाई कैमरे से आपत्तिजनक फोटो विडीयो बनाकर उन्हे ब्लैकमेल करने वाले कोचिंग संचालक का पर्दाफ़ाश किया है। रतलाम के अस्सी फीट रोड पर विजन इंग्लिश कोचिंग क्लास संचालित करने वाले संजय पोरवाल को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। संजय पर दस से ज्यादा महिलाओं का यौन शोषण करने और लाखों रुपए की वसूली करने का आरोप है।
                                एसपी राहूल कुमार लोढा ने पुलिस कंट्रोल रुम पर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मंगलवार को एक महिला शिकायतकर्ता ने पुलिस को अपनी व्यथा बताई। उसने मुताबिक़ आरोपी संजय पिता मोहन लाल पोरवाल उम्र 40 वर्ष निवासी 130 बी दीनदयाल नगर द्वारा लम्बे समय से उसका शारीरीक शोषण किया जा रहा है और उसके आपत्तिजनक फोटो विडीयो बनाकर ब्लैकमेल भी किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन और सीएसपी अभिनव वारंगे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपी संजय पोरवाल के अस्सी फीट रोड स्थित कोचिंग क्लास विजन कोचिंग सेन्टर पर छापा मारा। पुलिस को यहां से अलग अलग कम्पनियों के 10 मेमोरी कार्ड,एक पैन ड्राइव,4 यूएसबी डाटा स्टोर, लैपटाप,शराब की बोटलें,महिलाओं के अन्तर्वस्त्र,और अन्य कपडे मिले। आरोपी संजय के मोबाइल की गैलरी में ही करीब साढे चार सौ ऐसे विडीयो मिले है,जिन्हे स्पाई कैमरों से शूट किया गया है।
                             एसपी श्री लोढा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संजय पोरवाल जिन महिलाओं को शिकार बनाता था उनसे लाखों रु. की वसूली कर चुका है। पुलिस के पास पंहुची शिकायतकर्ता से साढे चार- पांच लाख रुपए वसूले गए है। उसकी शिकार महिलाओं में अविवाहित युवतियों के साथ विवाहित महिलाएं भी शामिल है।
                          एसपी श्री लोढा ने बताया कि आरोपी महिलाओं को शिकार बनाने का काम पिछले बारह वर्षों से कर रहा है।संजय शादीशुदा होकर दो बच्चों का पिता है। उसके खिलाफ बलात्कार और ब्लैकमेलिंग की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।