प्रदेश

पीजी कॉलेज में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय प्रवासी पक्षी दिवस

महावीर अग्रवाल
मंदसौर १२ मई ;अभी तक;  शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर के प्राचार्य डॉ एल.एन. शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय के इको क्लब द्वारा दिनांक 11 मई 2023 को वनस्पति विज्ञान विभाग में “अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी पक्षी दिवस” के अवसर पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय उज्जैन के वनस्पति शास्त्र के प्रोफेसर डॉ. हरीश व्यास उपस्थित थे।
                                    कार्यक्रम के प्रारंभ में वनस्पति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष एवं इको क्लब प्रभारी डॉ. प्रेरणा मित्रा ने इस दिवस को मनाने की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से प्रतिवर्ष मई माह के दूसरे शनिवार को अंतरराष्ट्रीय प्रवासी पक्षी दिवस मनाया जाता है। इस विशेष दिवस की इस वर्ष की थीम है – प्रवासी पक्षियों के लिए जल का महत्व।
                                        विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. हरीश व्यास ने कहा कि भोजन, पानी और प्रजनन की दृष्टि से प्रतिकूलता आने पर प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पक्षी अन्यत्र अनुकूल स्थानों पर प्रवास करते हैं। हमारे देश में ऐसे अनगिनत स्थान हैं जहां विदेशों से प्रतिवर्ष पक्षी प्रवास के लिए आते हैं। इंसानों के लगातार बढ़ते जा रहे हस्तक्षेप से प्रवासी पक्षियों को अपनी यात्राओं में कई प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। मोबाइल टाॅवर एवं अन्य स्रोतों से निकलने वाली तरंगे प्रवासी पक्षियों के आवागमन को प्रभावित करती है। आपने विद्यार्थियों से कहा कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में हमें अपने आस पास पाए जाने वाले पक्षियों के लिए भी भोजन पानी की व्यवस्था करने का संकल्प लेना चाहिए।
                              कार्यक्रम के अंत में बीज तकनीकी विषय के विद्यार्थियों ने प्रो. व्ही. सुधाकर राव के मार्गदर्शन में महाविद्यालय को आगामी वर्षाकाल में रोपित करने के लिए विभिन्न प्रजातियों के पौधे प्रदान किए। इसी अवसर पर विद्यार्थियों को यह शपथ भी दिलाई गई कि वे प्रत्येक वर्ष अपने जन्मदिन या किसी अन्य अवसर पर अनिवार्य रूप से पौधारोपण करेंगे एवं पौधों की देखभाल करेंगे।
                                कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष कुमार शर्मा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन की माइक्रोबायोलॉजी अध्ययनशाला की विभागाध्यक्ष डॉ. अलका व्यास भी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय के प्राणीशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. संदीप सोनगरा, रसायनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. खुशबू मंडावरा, प्रो सिद्धार्थ बरोड़ा, प्रो सुनील कुमार शर्मा, डाॅ. रीना सस्तिया, डॉ. सुषमा सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button