विद्युतीकृत तीसरी लाइन का कार्य पूर्ण, आयुक्त रेलवे सेफ्टी ने किया निरीक्षण

मोहम्मद  सईद
शहडोल 22 मार्च ; अभी तक; रेलवे द्वारा इस समय तीसरी लाइन एवं चौथी लाइन का कार्य व्यापक स्तर पर कराया जा रहा हैं। इसी कड़ी में अनूपपुर-कटनी स्टेशनों के बीच 165.52 किमी विद्युतीकृत तीसरी लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। चरणबद्ध तरीके से किए जा रहे इस कार्य के तहत सिंहपुर/शहडोल-बधवाबारा स्टेशनों के बीच 14.3 किमी विद्युतीकृत नई तीसरी लाइन का सम्पूर्ण कार्य पूरा कर लिया गया है। कार्य पूरा होने पर एसई सर्कल के आयुक्त, रेलवे सेफ्टी बी.के.मिश्रा द्वारा कल 22 मार्च  को सिंहपुर-शहडोल-बधवाबारा स्टेशनों के मध्य 14.3 किमी विद्युतीकृत नईलाइन का निरीक्षण किया गया।
                                 निरीक्षण कार्यक्रम के तहत एसई सर्कल के आयुक्त, रेलवे सेफ्टी श्री मिश्रा निरीक्षण दल के साथ विशेष गाडी से सिंहपुर स्टेशन पहुंचे। सिंहपुर स्टेशन में उन्होंने पेनल रूम, स्टेशन तथा सम्पूर्ण यार्ड का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने सिंहपुर-शहडोल-बधवाबारा नई लाइन का मोटर ट्राली निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इंटरलाकिंग, क्रासिंग, पाइंट, कर्व, ब्रिज, फाटक, ओएचई लाइन सिग्नलिंग उपकरण के साथ परिचालन एवं संरक्षा से जुडे सभी पहलुओं का गहन अवलोकन कर अधिकारियों के साथ चर्चा की। इसके पश्चात बधवाबारा स्टेशन से सिंहपुर स्टेशन तक आब्जर्वेशन कार के साथ स्पीड ट्रायल भी किया गया। उनके साथ गए निरीक्षण दल में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), मंडल रेल प्रबंधक सहित मंडल तथा मुख्यालय के संबंधित विभागों के अनेक अधिकारी शामिल थे।
                                        आयुक्त, रेलवे सेफ्टी से अनुमति मिलने के बाद इस नई तीसरी लाइन पर निर्बाध रूप से गाडियों का परिचालन प्रारम्भ होगा, जिससे ट्रेनों के परिचालन में गतिशीलता आएगी।