सफाई को लेकर नगर पालिका गंभीर, बारिश के पूर्व चलेगा विशेष अभियान

मोहम्मद सईद

शहडोल 20 मई ;अभीतक। वर्षा ऋतु शुरू होने पर धनपुरी में लोगों को किसी तरह की परेशानियों का सामना ना करना पड़े इसके लिए नगर पालिका परिषद धनपुरी ने प्रारंभिक तैयारी शुरू कर दी है। नगर पालिका सभागार में नगर पालिका परिषद धनपुरी की अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छावड़ा, उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल, स्वच्छता विभाग के सभापति आनंद कचेर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रभात बरकड़े की उपस्थिति में शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया।

                           बैठक में इस बात पर विशेष रूप से चर्चा की गई कि बारिश का मौसम शुरू होने के पूर्व नगर के सभी 28 वार्डों में सफाई का विशेष अभियान चलाया जाएगा।अभियान के तहत सभी चिन्हित 10 बड़े नाले और वार्डों में स्थित नालियों की सफाई कराई जाएगी ताकि नाली का गंदा पानी सड़कों में ना बहे और लोगों के घरों में न घुसे।
सीमेंट कंक्रीट से किया जा रहा कवर
                               नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छावड़ा ने कहा कि स्वच्छता विभाग का अमला वार्डों में जाकर लोगों की शिकायत सुने और उसका समाधान भी करे। अध्यक्ष श्रीमती छावड़ा ने यह भी कहा कि जहां भी नाली निर्माण कराने या नाली की मरम्मत कराने की आवश्यकता है, इसकी जानकारी परिषद को दें ताकि निर्माण और मरम्मत का कार्य कराया जा सके।
                                    नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल ने कहा कि इस विशेष सफाई अभियान के लिए स्वच्छता अमले को जितनी भी सामग्री की आवश्यकता है, वह उसकी जानकारी दें ताकि उन्हें उपलब्ध कराया जा सके। उपाध्यक्ष श्री खंडेलवाल ने यह भी कहा कि धनपुरी के लोगों को बारिश के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, परिषद इसके लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रभात बरकड़े ने बताया कि नगर की सभी नालियों को सीमेंट कंक्रीट से ढलाई कराकर कवर किया जा रहा है और चेंबर बनाया जा रहा है।
इसकी दी गई स्वीकृति
                                          बारिश पूर्व चलाए जाने वाले इस सफाई अभियान के लिए अतिरिक्त श्रमिकों की स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई। साथ ही सफाई कर्मचारियों को ड्रेस, इक्विपमेंट पीपी किट प्रदान करने की स्वीकृति भी दे दी गई। सफाई कर्मचारियों को रेनकोट भी प्रदान किया जाएगा और सभी नालियों में कीटनाशक का छिड़काव किया जाएगा। बैठक में पी आई सी मेंबर प्रवीण बढोलिया, भोला पनिका, सरिता दहिया, अंशिका विश्वकर्मा, नीतू सोनकर व स्कंद सोनी, स्वच्छता निरीक्षक पुरुषोत्तम गुप्ता और उपयंत्री बृजेश पांडे सहित सभी स्वच्छता मेट भी उपस्थित रहे।