पिता के पद चिन्हों पर चल रहे हैं राहुल भैया – डॉ. गोविंद सिंह 

     विजय सिंह सीधी से
सीधी, 23 जून ;अभी तक;  मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह दो दिवसीय रीवा संभाग के दौरे पर पहुंचे। कल उन्होंने शहडोल में आयोजित आदिवासी सम्मेलन में हिस्सा लिया। बाद में वे सीधी जिले के आदिवासी अंचल टिकरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।  शहडोल से सीधी तक जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका उत्साह के साथ स्वागत किया। उनके के साथ पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया तथा मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया साथ थे ।
                            कल टिकरी में आनंद सिंह शेरगांव के नवीन प्रतिष्ठान कुंवर अर्जुन सिंह स्मृति परिणय वाटिका में स्थापित स्वर्गीय दाऊ साहब अर्जुन सिंह जी के कांस्य प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम में बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा की पहली बार वे 1990 में लोकदल से विधायक चुने गए थे। तब से निरंतर स्वर्गीय दाऊ साहब ने अंतिम समय तक उन पर पुत्र व स्नेह बनाए रखा। मेरे राजनीतिक जीवन की दिशा व दशा तय करने में उनका बहुत बड़ा योगदान है। स्व अर्जुन सिंह ने मुझे संसदीय परंपराओं मर्यादाओं का पालन करना सिखाया। सदन में प्रभावी ढंग से अपना पक्ष कैसे रखा जाए इसकी शिक्षा दी।
                          डॉ. गोविंद सिंह ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया के लोकप्रियता, सर्वमान्यता तथा जन सेवा की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि राहुल भैया में वह सभी गुण मौजूद हैं जो स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी में थे। तथा वे प्रदेश का नेतृत्व करने के लिए सक्षम है। नेता प्रतिपक्ष ने वरिष्ठ पत्रकार सोमेश्वर सिंह के द्वारा लिखित पुस्तक नेहरू गांधी युगीन राजनीति के अंतिम योद्धा अर्जुन सिंह की सराहना करते हुए कहा कि इस पुस्तक  को सभी को पढ़नी चाहिए जिससे स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी के राजनीतिक चातुर्य,  दृष्टिकोण, दूरदर्शिता तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का पता चलता है।
                              इस पुस्तक में संकलित श्री अर्जुन सिंह जी का शल्यक्रिया में जाने से पूर्व एस्कॉर्ट हॉस्पिटल से लिखे गए 22 अक्टूबर 1990 का पत्र एक तरह से उनके संपूर्ण जीवन का दस्तावेज है। पत्र के शीर्षक मेरे राम रहीम ईशा तुम कहां हो से उनके समाज व देश के प्रति चिंताओं का पता चलता है। इस पत्र के अंत में वे कहते हैं की है मेरे राम, रहीम, ईशा अगर तुम्हें इस आकिंचन सेवक से और कुछ काम लेना श्रेयस्कर दिखे तो वापस बुला लेना। वर्ना जीवन में जो कुछ तुम्हारी कृपा से कर सका हूं, मेरे लिए पर्याप्त है। स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी के इन विचारों से उनकी ऊंचाइयों का पता चलता है। वर्ना जीवन के अंतिम क्षणों में लोग देश समाज के बजाय निजी परिवार की चिंता करते हैं।
                               कार्यक्रम के प्रारंभ में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने नेता प्रतिपक्ष का जिले की ओर से माल्यार्पण करके आत्मीय स्वागत किया। प्रतिमा अनावरण समारोह को मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, पूर्व मंत्री कमलेश्वर द्विवेदी, जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष लालमणि सिंह चौहान ,जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान और पूर्व अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह बाबा,धौहनी विधानसभा की पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी तथा जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती कमलेश सिंहव अन्य लोगों ने संबोधित किया ।कार्यक्रम में रीवा संभाग सहित प्रदेश भर से पधारे अर्जुन सिंह जी के प्रशंसक ,पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री पूर्व विधायक सहित गणमान्य नागरिक ,सामाजिक कार्यकर्ता प्रबुद्ध जन तथा आदिवासी अंचल के हजारों नागरिक उपस्थित रहे।