रूपचांद आराधना भवन श्रीसंघ के द्वारा नवनिर्मित जिनालय की प्रतिष्ठा के निमित्त प्रभु आदिनाथजी का जन्म कल्याणक महोत्सव आयोजित

महावीर अग्रवाल
मन्दसौर १९ जनवरी ;अभी तक; चौधरी कॉलोनी स्थित नवनिर्मित भगवान श्री आदिनाथजी व नवग्रह मंदिर की प्रतिष्ठा का महोत्सव के निमित्त दिनांक 16 से 22 जनवरी तक विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।
                               आचार्य श्री अशोकसागरसूरिश्वरजी म.सा., आचार्य श्री प्रसन्नचन्द्रसागर सूरिश्वरजी म.सा. व श्रीसंघ की मार्गदर्शिका व जिनालय निर्माण प्रेरिका साध्वी श्री मोक्ष ज्योतिश्रीजी म.सा.  की पावन प्रेरणा व निश्रा में 18 जनवरी से 22 जनवरी तक नवनिर्मित श्री आदिनाथजी के मंदिर में पंचाहिका महोत्सव (पांच दिवसीय कार्यक्रम) आयोजित किये जा रहे है। इसी तारतम्य मेें शुक्रवार को प्रभु श्री आदिनाथजी का जन्म कल्याणक महोत्सव आयोजित किया गया। जन्म कल्याणक में प्रभु श्री आदिनाथजी के माता पिता बनने का धर्मलाभ शैलेन्द्र भण्डारी व श्रीमती चेतना भंडारी ने प्राप्त किय और जन्म विधान की पूरी धार्मिक क्रिया में सहभागिता की। आचार्य श्री अशोकसागरजी म.सा.ने सर्वप्रथम यहां नूतन जिन बिम्बों पर वाक्षक्षेप डाला और जन्म विधान की क्रिया शुरू कराई। विधिकारक हितेश भाई जैन (मनासा) ने पूरे विधि विधान से जन्मकल्याण की विधि सम्पन्न कराई।
                            स्टेज प्रोग्राम में जन्म वृतान्त का हुआ मंचन- चौधरी कॉलोनी में नवनिर्मित जिनालय में जन्म विधान की क्रिया के उपरांत दोप. 2 से 4 बजे तक आदिनाथ विहार में बनाई गई अस्थाई विनीता नगरी में स्टेज प्रोग्राम भी हुआ। जिसमें श्री आदिनाथजी प्रभु के जन्म का वृतांत  का मंचन किया गया। रूपचांद आराधना भवन श्रीसंध से जुड़े परिवारों के सदस्य एवं नगर के विभिन्न श्रीसंघों के पदाधिकारियों व सदस्यों ने इस स्टेज प्रोग्राम का आनंद लिया। श्रावक-श्राविकाओं ने जन्म वृतान्त का प्रसंग आते ही प्रभु आदिनाथजी के जयकारे लगाये और जन्म वृतान्त की प्रसन्नता व्यक्त करने के लिये नृत्य भी किया।