कार ने मोटर साईकिल पर सवार तीन शिक्षकों को टक्कर मारी, दो की मौत,एक गंभीर घायल

देवेश शर्मा
मुरैना 9 अगस्त ;अभी तक; मुरैना जिले के रजौधा मोजे की रामदीन मोड़ पर आज एक कार ने बाइक सवार तीन शिक्षकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार शिक्षक कृष्ण बिहारी चौबे और वीर बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शिक्षक शिवकुमार तोमर गंभीर घायल हो गए। मुरैना के अस्पताल रेफर किया गया है।
                               पुलिस के अनुसार  हादसे का शिकार तीनों लोग रजौधा गांव में सीएम राइज स्कूल के शिक्षक हैं। बच्चों को पढ़ाने के बाद ये पोरसा लौट रहे थे। इस दौरान नगरा थाना की रजौधा चौकी क्षेत्र में रामदीन मोड़ पर कार ने उन्हें टक्कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि बाइक लगभग 100 फीट तक घसीटते हुए खंती में जाकर गिरी।
                                       प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे की जानकारी 100 नंबर पर कॉल करके पुलिस को दी। इसके बाद रजौधा चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा और एंबुलेंस से तीनों को पोरसा अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने शिक्षक कृष्ण बिहारी चौबे और वीर बहादुर त्यागी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शिवकुमार तोमर को इलाज के लिए मुरैना जिला अस्पताल रेफर गया है।
                                     रजौधा चौकी के थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रज्ञाशील ने बताया कि शासकीय शिक्षक कृष्ण बिहारी चौबे पोरसा के पुरा गांव जबकि अतिथि शिक्षक वीर बहादुर त्यागी धौलपुर के मूसलपुर के रहने वाले थे। वहीं, शिक्षक शिवकुमार तोमर जनकपुर, पोरसा के रहने वाले हैं।