प्रदेश

यात्री बस पलटी, दो सवारियों की मौत , 12 घायल

देवेश शर्मा
मुरैना 19 जून ;अभी तक;  मधयप्रदेश के मुरैना जिले के नेशनल हाइवे क्रमांक ५५२ पर जौरा- कैलारस के बीच स्थित सिकरौदा पुल के पास रविवार रात एक यात्री बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर,पलट गई। जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई और करीब दर्जन भर यात्री घायल हुए हैं।सभी घायलों को जौरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
                                     जौरा के थाना प्रभारी ओपी रावत ने बताया कि यह दुर्घटना  रविवार की रात नौ बजे सिकरोदा पुल के समीप स्थित एक मोड़ की है।तेज गति से आ रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। खाई में पड़ी बस को क्रेन मशीन से रात को ही निकाल लिया गया है। थाना प्रभारी के मुताबिक दतिया से सबलगढ़ के बीच चलने वाली जयभारत ट्रेवल्स की यात्री बस क्रमांक- एमपी06-पी-0590 रविवार की शाम को मुरैना से सबलगढ़ जाने के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों से भरी बस जौरा में सवारियां उतारने के बाद रात करीब 8.45 बजे कैलारस के लिए रवाना हुई। इसी दौरान जब यात्री बस एनएच-552 हाईवे पर सिकरौदा नदी के पुल को पार कर कैलारस की ओर जा रही थी, तभी चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
                                       उन्होने बताया कि दुर्घटना  में बस में सवार दो यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, अभी तक मृतक सवारियों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।जबकि गंगाविशन कुशवाह (53) निवासी सबलगढ़, शाहिद खान (२3) निवासी पिपरौआ, कल्पना (०5) निवासी रूअर, बदले आलम (४०) निवासी सबलगढ़ और मोनू (२६) निवासी कैलारस सहित एक दर्जन यात्री घायल हुए है। जिनमें से बदले आलम और मोनू को गंभीर हालत में मुरैना ज़िला अस्पताल रैफर किया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद एसडीओपी जौरा ऋतु कैबरे एसडीएम अरविंद माहौर मौके पर पहुंचे और उनके द्वारा घायलों को जौरा अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया गया। पुलिस ने तेज गति,लापरवाही से चलाने वाले बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

Related Articles

Back to top button