प्रदेश

वाहनों की जांच कर परिवहन विभाग ने वसूले लाखों रुपए, दो वाहन जब्त

मोहम्मद सईद
शहडोल 28 मार्च अभी तक। शहडोल जिले का परिवहन विभाग इस समय पूरे एक्शन मोड पर है।
लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता प्रभावी होने पर शहडोल जिले के परिवहन विभाग द्वारा वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इस जांच के दौरान परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर बड़ी संख्या में वाहनों पर कार्रवाई करते हुए समंस शुल्क वसूलने के साथ ही प्रकरण भी दर्ज किया है।
                               शहडोल के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशुतोष सिंह भदौरिया ने बताया आचार संहिता प्रभावी होते ही 16 मार्च से वाहनों की सघन जांच की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्यवाही के दौरान विशेष रूप से ओवरलोड यात्री वाहन, बिना परमिट संचालित यात्री वाहन, अनाधिकृत रूप से हूटर-सायरन धारण किए मोटरयान, अनाधिकृत रूप से पदनाम की पट्टिका उपयोग करने वाले वाहन, निर्धारित
स्वरूप में रजिस्ट्रेशन प्लेट नही लगाने तथा वाहनों के दस्तावेंज पूर्ण नहीं रखने पर कार्यवाही की गई है।
                         क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री भदौरिया ने बताया कि 16 मार्च से 24 मार्च तक लगभग 5 सौ वाहनों की जॉच कर 102 वाहनों से 1 लाख 62 हजार 9 सौ रूपये समंस शुल्क वसूल किया गया है। साथ ही 2 वाहनों को बिना परमिट होने पर जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है तथा अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रतावित किया गया है।
इन वाहनों पर हुई कार्यवाही
                         उन्होंने बताया कि ओवरलोड पर 9 यात्री वाहनों पर 8 हजार 9 सौ रूपये समंस शुल्क वसूल किया,  बाडी परिवर्तन किये जाने पर 2 वाहनों से 20 हजार रूपये, अनाधिकृत हूटर के उपयोग पर 3 वाहनों से 9 हजार रूपये, अनाधिकृत पदनाम पट्टिका के उपयोग पर 21 वाहनों से 10 हजार 5 सौ रूपए और निर्धारित स्वरूप में रजिस्ट्रेशन प्लेट के उपयोग न किये जाने पर 22 वाहनों पर 11 हजार रूपए समंस शुल्क वसूल किया गया है।
                               यह कार्यवाही शहडोल-रीवा मार्ग में गोहपारू थाने के निकट, ब्यौहारी, शहडोल-बुढ़ार रोड में परिवहन कार्यालय के निकट, सिंहपुर रोड आदि स्थानों पर की गई। कार्यवाही में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी शहडोल आशुतोष सिंह भदौरिया के साथ ही परिवहन उप निरीक्षक मीनाक्षी गोखले व अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
                               क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री भदौरिया ने यह भी बताया कि वाहनों के जांच की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे वाहनों के पूर्ण दस्तावेंज साथ रखें व मोटरयान नियमों का पालन करें।

Related Articles

Back to top button