प्रदेश

अफीम के सही भाव नहीं मिलने से आक्रोशित काश्तकारों ने नारकोटिक्स कार्यालय मंदसौर परिसर में प्रदर्शन किया

महावीर अग्रवाल
मन्दसौर। नारकोटिक्स कार्यालय मंदसौर में भाव लेकर अफीम किसानों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि लागत मूल्य के आधार पर अफीम के भाव किसानों को नहीं मिल रहें हैं इसे लेकर किसानों में आक्रोश है। लालघाटी, आकोदड़ा, एलची, गुराड़िया लालमुहां के किसानों ने प्रदर्शन कर रोष प्रकट करते हुए  नारेबाजी की। किसानों का मानना है कि मार्फिन से अफीम विभाग के द्वारा ली जाती है परन्तु भाव औसत आधार पर दिये जाते है। मार्फिन से अफीम ली जाती है तो भाव भी मार्फीन आधार पर देने चाहिये। इसे लेकर किसानों में भारी आक्रोश है।
                             किसान नेता गोपाल धनगर, दिनेश पाटीदार, महेंद्र जोशी, नबीनूर मंसूरी, शिव साहू, पुष्कर पाटीदार, अंबाराम पाटीदार, पुष्कर विश्वकर्मा, प्रहलाद पाटीदार, रामनिवास पाटीदार, दयाल पाटीदार,गोपाल पाटीदार ने बताया कि विभाग काश्तकारों का पग-पग पर शोषण हो रहा है। सुरक्षा को लेकर किसान आज भी चिंतित है, सुरक्षा के नाम पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता । किसान व उसकी फसल को उसके भाग्य पर छोड़ देते हैं किसानों ने अफीम लुनाई चिराई से लेकर  तोल केन्द्र तक सुरक्षा की मांग की है।
                            किसान नेताओं ने कहा कि क्षैत्रिय सांसद को किसानों की मांग के अनुरूप 10000 रूपये  प्रति  किलो  भाव हेतु  भरसक प्रयास करने थे परन्तु धरातल पर अभी तक कोई सकारात्मक परिणाम नजर नहीं आये। वर्षाे से 840 से 3500 रू. का भाव चल रहा है आज तक किसी भी किसान को 3500 रुपये प्रति किलो के भाव नहीं मिले यह केवल दिखावे के लिए झुनझुना मात्र है।  किसानों को मात्र 1600से 1700 के भाव से पैसे देकर संतुष्ट कर दिया जाता है। औसत के आधार का मापदंड का हवाला दिया जाता है बेबस किसान दंड भुगतने को मजबुर है।किसानों ने मांग की है कि  अफीम नीति निर्धारण में किसानों की भागीदारी  सुनिश्चित की जावे, सीपीएस पद्धति को समाप्त करने और अफीम का भाव लागत मूल्य के आधार पर 10000 रूपये करने के साथ साथ प्रत्येक किसान को दस-दस आरी के नये लाइसेंस दिये जाये। किसान की कोई राजनीतिक जाति नहीं होती है किसान-किसान होता है।
                            इस अवसर पर घनश्याम पाटीदार, राकेश पाटीदार, श्याम सोनावत, कन्हैयालाल पाटीदार, श्याम पाटीदार, इन्द्रजीत पाटीदार, नानालाल पाटीदार, तेजराम पाटीदार, समरथ पाटीदार,  रामनिवास माल, रमेश माल सहित अनेक किसान उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button