प्रदेश

सिग्नल पार कर रहे बुजुर्ग को ट्रक ने रौंदा, सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद

आशुतोष पुरोहित

 खरगोन 17 अप्रैल ;अभी तक;  मध्यप्रदेश के खरगोन शहर के गायत्री मंदिर तिराहे पर बुधावर को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मंदिर से दर्शन कर सिग्नल पार कर रहे बुजुर्ग को ट्रक ने रौंद दिया। बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो गया है। जिसमें ट्रक बुजुर्ग को रौंदते हुए नजर आ रहा है।
                           पुलिस के अनुसार अनुसार वल्लभ नगर निवासी 67 वर्षीय विजय शर्मा सुबह गायत्री मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। मंदिर से दर्शन करने के बाद करीब 7 बजे वह गायत्री मंदिर स्थित सिग्नल पार कर रहे थे। वह पहले कुछ देर रुके फिर आगे बढ़े। इसी दौरान एक ट्रक(एमपी 10 जेडइ-1013) आ पहुंचा। ट्रक रुका। इसके बाद विजय ट्रक के सामने से निकलने लगे। अचानक चालक ने ट्रक आगे बढ़ाया। इसमें विजय ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक रौंदता हुआ आगे बढ़ा। चिल्लाने की आवाज पर चालक ने ट्रक को रोका।बुजुर्ग को गंभीरावस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय मुक्तिधाम पर विजय का अंतिम संस्कार किया।
छोटा हो या बड़ा कार्यक्रम शामिल होते थे
                                भाजपा के जय पटेल ने बताया कि विजय शर्मा मूल रूप से राजपूर के निवासी थे। वह अविवाहित होकर अपने छोटे भाई दीपक शर्मा (बीएसएनएल) के साथ खरगोन में विगत 25 वर्ष से रहते थे। भाजपा का कोई भी छोटा हो या बड़ा कार्यक्रम हो वह हमेशा झंडा लेकर आगे रहते थे। वह पार्टी के निस्वार्थ सेवक थे। लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
गायत्री मंदिर से लेकर सोनी बिस्टान तिराहे तक हादसे होते हैं
                              शहर के गायत्री मंदिर तिराहे, एसडीओपी कार्यालय के सामने मोड़, भगत सिंह चौराहा, डीआइजी निवासी के सामने मोड़, गजानन सोनी प्रतिमा तिराहा, बिस्टान रोड तिराहा पर रोजाना दुर्घटनाएं होती है। यहां कई जगह रोड संकरा है। आसपास दुकान संचालकों ने अतिक्रमण कर लिया है। इसके अलावा यहां बोर्ड,  गति अवरोधक, सिग्नल आदि नहीं लगाए हैं। साथ ही पुलिस की ड्यूटी भी नहीं होती है। इसके चलते दुर्घटनाएं होती है। एसडीओपी कार्यालय के सामने चार माह पहले हादसे में सेवानिवृत्त इंजीनियर की मौत हो गई थी। इसके अलावा गजानन प्रतिमा तिराहे पर रोजाना दुर्घटनाएं होती है।

Related Articles

Back to top button